द फॉलोअप डेस्क
बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में एक युवक की हत्या के बाद भारी बवाल मच गया है। युवक के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई और बाद में शव को जलाने का प्रयास किया गया। हत्या से गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और उन्होंने बहसी चौक पर मृतक का शव रखकर सड़क जाम कर दिया। लोग आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना जंदाहा थाना के बहसी ओपी क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में हुई है, जहां महेश सहनी नामक युवक की बेरहमी से हत्या की गई। आरोप है कि महेश की पहले गला रेतकर हत्या की गई, फिर उसके शव को झाड़ियों में फेंक कर आग लगा दी गई। आशंका जताई जा रही है कि शव को पहचान से बचाने के लिए आरोपियों ने झाड़ियों में आग लगाई थी।
महेश के पिता, सुनील सहनी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें बिना सूचित किए ही पोस्टमार्टम करवा दिया। बताया जा रहा है कि महेश अपने घर से करीब 2 किलोमीटर दूर दोस्तों के साथ जुआ खेलने गया था, जहां किसी विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई। इसके अलावा महेश के परिजनों ने यह भी कहा कि दो दिन पहले ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी।
पुलिस अब इस मामले में विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में विशेष टीम का गठन किया गया है। इस हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है, और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।