पटना
बिहार विधानसभा चुनाव में सियासी तापमान अपने चरम पर है। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होनी है और इसी के साथ सभी दलों ने मैदान में पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने बिहार दौरे पर हैं। आरा और नवादा में जनसभाओं के बाद उन्होंने पटना की सड़कों पर मोगा रोड शो किया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी।
प्रधानमंत्री के रोड शो में लोग तिरंगा और बीजेपी के झंडे लहराते नजर आए। जगह-जगह महिलाओं ने बालकनी और छतों से फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया। पूरे रास्ते “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा। सुरक्षा के कड़े इंतज़ामों के बीच पीएम ने लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और एनडीए के समर्थन में वोट करने की अपील की।
इधर, मोकामा में दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। एनडीए और महागठबंधन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही हर दल अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटा है।
