द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजधानी पटना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मोकामा प्रखंड के मेकरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मिड डे मील खाने के बाद करीब 200 बच्चे बीमार पड़ गए। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी अब खतरे से बाहर हैं। बच्चों ने बताया कि जब वे स्कूल में मिड डे मील खा रहे थे, उसी दौरान थाली में एक सांप गिर गया। हैरानी की बात यह है कि सांप को निकालने के बाद रसोइये ने वही खाना बच्चों को जबरन खिलाया। कुछ बच्चों ने मना किया तो उन्हें डराया और धमकाया गया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक करीब 400 बच्चों ने भोजन किया था। खाने के कुछ देर बाद बच्चों को चक्कर आने लगे, उल्टियां हुईं और कई बेहोश हो गए। यह देख गांव में अफरा-तफरी मच गयी। परिजन घबराकर बच्चों को पास के अस्पताल ले गए। घटना के बाद स्कूल में ताला लगा दिया गया और शिक्षक मौके से फरार हो गए। नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंच गयी और और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। बच्चों का इलाज कर रहे डॉक्टर पंकज कुमार ने बताया कि एक बच्चे की हालत थोड़ी गंभीर थी, लेकिन अब सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य निगरानी कर रही है।