द फॉलोअप डेस्क
बिहार के आरा जिले में तनिष्क शोरूम में हुए दस करोड़ के आभूषण लूट की घटना में पुलिस ने 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपराधी शादी के लिए आभूषण और रिंग सेरेमनी के लिए अंगूठी खरीदने के बहाने शोरूम में पहुंचे थे और लूट की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। लूट के बाद अपराधी बिहार से फरार होकर हरियाणा, जम्मू और छत्तीसगढ़ में शरण लेने के लिए चले गए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और गिरफ्तार किए गए पूर्व अपराधियों से पूछताछ के आधार पर इन अपराधियों की पहचान की और उनके ठिकानों तक पहुंचने में सफलता पाई। इसके बाद पुलिस ने सभी दस अपराधियों को छत्तीसगढ़, जम्मू और हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटे गए जेवरात और पिस्टल भी बरामद किए गए। गिरफ्तार अपराधियों में वैशाली, महुआ, राजापाकर और अन्य इलाकों के निवासी शामिल हैं। इनमें से कुछ अपराधी लूटपाट करने वाले शोरूम में भी थे, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने महत्वपूर्ण बरामदगी की।
लूट की घटना के मास्टरमाइंड, कुख्यात अपराधी चंदन कुमार उर्फ प्रिंस और बक्सर के शेरू सिंह के इशारे पर यह घटना अंजाम दी गई थी। लूट के गैंग लीडर चुनमुन झा उर्फ राकेश झा को पुलिस ने 22 मार्च को अररिया जिले के नरपतगंज में मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज में लूट की घटना के समय चुनमुन झा को शोरूम में पिस्टल के साथ गहनों की लूट करते हुए देखा गया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों से पुलिस और अधिक बरामदगी की उम्मीद कर रही है, और जल्द ही बाकी के अपराधियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस लूट में अपराधियों ने केवल आभूषण ही नहीं, बल्कि एक सिक्योरिटी गार्ड का लाइसेंसी हथियार भी छीन लिया था। पुलिस ने घटना के बाद तत्परता से कार्रवाई करते हुए बड़हरा थाना क्षेत्र में सारण जिले के दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और उनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने इस घटना के सभी अभियुक्तों को पकड़ने और बाकी के आभूषणों की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी रखी है।