दरभंगा
महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने गुरुवार को दरभंगा के गौराबौराम में जनसभा को संबोधित किया। खराब मौसम की वजह से मधेपुरा के बिहारीगंज और आलमनगर की उनकी सभाएं रद्द हो गईं, लेकिन वे निर्धारित समय से पहले दरभंगा पहुंचे और वीआईपी प्रत्याशी संतोष सहनी के समर्थन में प्रचार किया।
तेजस्वी ने कहा, “हमलोगों ने सबको आगे बढ़ाने का काम किया है। ये चुनाव केवल किसी को विधायक बनाने का नहीं, बल्कि बिहार को बदलने की लड़ाई है। पूरे देश की नज़र बिहार पर है। अगर बिहार जीतेगा, तो यूपी और बंगाल भी जीतेंगे। मोदी जा का आगे का रास्ता यहीं से साफ होगा।”

उन्होंने भाजपा और पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा, “राजनीतिक दल बिहार से वोट लेते हैं लेकिन उद्योग गुजरात में लगाते हैं। बिहार को बंधक बनाकर रखा गया है। इस बार लोगों के पास मौका है कि उन्हें हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा दें।” तेजस्वी ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के खातों में पैसे डाल रही है — “ये चुनाव से पहले रिश्वत देने जैसा है। लेकिन चुनाव आयोग चुप है। कहां गई उसकी नैतिकता? 24 अक्टूबर को भी 10 लाख महिलाओं को पैसे दिए गए। ये साफ तौर पर चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन है।”
उन्होंने कहा कि महागठबंधन में हर पार्टी एक-दूसरे का सम्मान कर रही है — “कहीं कांग्रेस, वीआईपी, माले या आरजेडी कुर्बानी दे रही है, तो कहीं हम। हम अपने भाइयों का ख्याल रखेंगे। एकजुट रहिए, भाजपा को भगाइए। सरकार बनेगी तभी हर घर को नौकरी मिलेगी।”
