logo

UP Election : वोटर लिस्ट में अपना नाम नहीं देखकर बौखलाए मशहूर शायर मुनव्वर राना, जानिये क्या बोले

munavvar_rana.jpg

लखनऊ:

सियासत से अदब की दोस्ती बेमेल लगती है, कभी देखा है पत्थर पे भी कोई बेल लगती है। आज मशहूर बुजुर्ग शायर मुनव्वर राना को अपना ही यह शेर याद आ रहा होगा। दरअसल आज जब अपने पोलिंग बूथ पर वोट करने पहुंचे तो वोटर लिस्ट में उनका नाम ही नहीं था। मुनव्वर अपनी बेबाकी और मां पर लिखी शायरी के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। योगी सरकार की कई नीतियों और एक्शन के खिलाफ वह शुरू से ही मुखर रहे हैं। उनका ही एक और शेर है, सियासत नफ़रतों का ज़ख़्म भरने ही नहीं देती, जहाँ भरने पे आता है तो मक्खी बैठ जाती है। शायर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि कहा कि भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही है, बल्कि गुंडागर्दी कर रही है।

बता दें कि आज सुबह 7 बजे ही चौथे चरण का मतदान यूपी के 9 जिलों में हो रहा है। इसमें पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा और फतेहपुर जिले की 59 सीटें शामिल हैं। कई जगह मशीन खराब होने और वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। ईवीएम में खराबी के कारण कई जगहों पर सुबह सात की बजाय देर से वोटिंग शुरू हुई।

 

इस विधानसभा चुनाव में कुल 15 करोड़ 2 लाख 84 वोटर हैं। 52.80 लाख नए मतदाता जोड़े गए हैं। लेकिन पहले चरण से ही कई क्षेत्रों से वोटर लिस्ट में वोटरों के नाम नहीं होने की शिकायतें मिल रही हैं। यदि आपको वोट करना है तो पोलिंग बूथ पर जाकर नाम तलाशने की बजाए घर बैठ कर ही वोटर लिस्ट में अपना नाम देख सकते हैं। आप चुनाव आयोग के टोल फ्री नंबर 1800111950 और 1950 पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं।