logo

रांची : दुर्गा पूजा को लेकर SSP ने की हाई लेवल बैठक, दागियों को भेजा नोटिस

ranchi_police.jpg

रांची: 

आज से नवरात्री शुरू है। राजधानी में मंदिरों में श्रदालुओं का हुजूम देखने को मिल रहा है। तमाम पंडालों का निर्माण कार्य भी अंतिम पड़ाव में है। इसी बीच विधी व्यवस्था को लेकर रविवार की शाम रांची एसएसपी किशोर कौशल ने दुर्गा पूजा 2022 को लेकर हाई लेवल मीटिंग की। जिसमें तमाम डीएसपी और थानेदार शामिल थे। बैठक में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने की रणनीति पर चर्चा हुई। एसएसपी ने थानेदारों के लिए कई निर्देश भी जारी किए हैं।

थानेदारों को दिया गया निर्देश

थानेदारों को यह निर्देश है कि वो खुद अपने अपने थाना क्षेत्र के हर पंडाल का निरीक्षण करेंगे। पंडाल में फायर सेफ्टी के क्या-क्या उपाय किये गए हैं, उसकी पूरी जानकारी लेनी है। अगर उसमें कोई कमी है तो उसे तुरंत दूर करवाना है। हर पंडालों के बाहर पुलिस एक बैनर लगाया जा रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारियों के नंबर होंगे। बैनर में गाइडलाइंस भी लिखे जाएंगे।  थानेदारों को  कहा गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पूजा समितियों से विसर्जन को लेकर समय निश्चित कर लें। किस पंडाल की मूर्ति का विसर्जन कब होगा ताकि उस समय सड़क से लेकर तालाब तक उचित सुरक्षा की व्यवस्था की जा सके।

दागियों को नोटिस

दुर्गा पूजा को देखते हुए शहर के वैसे तमाम दागी जिनसे शहर के माहौल खराब होने की आशंका है, उन्हें भारतीय दंड संहिता की धारा 107 (Section 107 of IPC) के तहत नोटिस भी भेजा गया है। जिन पुराने अपराधियों को नोटिस भेजा गया है उनकी संख्या करीब 1200 है।

1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे

दुर्गा पूजा के दौरान 10 दिनों तक 2000 से अधिक पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गए है।पुलिस की ओर से लगाए गए कैमरों की डीवीआर और लाइव फीड की व्यवस्था कंट्रोल रूम में की गई है। वहीं, पंडाल समितियों की ओर से लगाए गए कैमरों की डीवीआर व लाइव फीड पंडालों में ही होगी। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों में ड्रोन कैमरों से भी निगहबानी होगी।वहीं, महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए शक्ति कमांडों और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है।