logo

हर विधायक की अनुशंसा पर उनके क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज का निर्माण होगाः शिल्पी नेहा तिर्की

vidhansabha13.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कृषि पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सदन को बताया कि अब राज्य के प्रत्येक विधायक की अनुशंसा पर उनके क्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराया जाएगा। वह जेएलकेएम विधायक जयराम कुमार महतो के सवाल के जवाब में यह जानकारी दी। तिर्की ने कहा कि बजट में इसके लिए राशि का प्रावधान किया गया है। महतो राज्य में कोल्ड स्टोरेज की कमी से किसानों को हो रहे नुकसान को रेखांकित कर रहे थे। उनका कहना था कि महाराष्ट्र, पंजाब और अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी किसानों को उनकी ऊपज रख कर ऋण लेने का प्रावधान किया जाना चाहिए। इससे किसान अपने फसल को औने-पौने दाम पर बेचने को विवश नहीं होंगे।


राशन डीलरों का कमीशन नहीं  बढ़ेगाः इरफान अंसारी
बुधवार को बजट सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के दौरान जनता और विधायकों के क्षेत्र से जुड़े कई सवाल आए। बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव के सवाल के जवाब में खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने जनवितरण प्रणाली के दुकानदारों का कमीशन बढ़ाने से इंकार किया। मंत्री ने कहा कि डीलरों को डेढ़ रुपए प्रति किलोग्राम का कमीशन दिया जा रहा है। यह खाद्य सुरक्षा योजना के अलावा कई अन्य खाद्य पदार्थों के वितरण पर भी दिया जा रहा है। धोती-साड़ी के वितरण में भी कमीशन दिया जाता है। इसलिए अभी कमीशन बढ़ाने का विभाग के पास कोई प्रस्ताव नहीं है।


अगस्त 2026 तक 172 ग्राम टोलों का विद्युतीकरण हो जाएगाःमंत्री
पाकुड़ विधायक निसात आलम के सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री योगंद्र प्रसाद ने आश्वस्त किया कि अगस्त 2026 तक राज्य के 172 अविद्युतीकृत ग्राम और टोलों का विद्युतीकरण कर लिया जाएगा।दूसरे चरण में शेष टोलों और ग्रामों का भी विद्युतीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। निसात आलम ने साहेबगंज जिले के 210 अविद्युतीकृत ग्राम-टोलों का विद्युतीकरण कार्य कब तक होगा, यह सरकार से जानना चाहा था।


समाज कल्याण विभाग में लिपिकों के लिए नियमावली जल्दः चमरा लिंडा
कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने आश्वस्त किया कि छह महीने के अंदर समाज कल्याण विभाग में कार्यरत लिपिकों की नियुक्ति और प्रोन्नति संबंधी सेवा शर्त नियमावली का गठन कर दिया जाएगा। लोजपा विधायक जनार्दन पासवान का सवाल था कि समाज कल्याण विभाग में कार्यरत लिपिकों की प्रोन्नति हेतु पद कर्णांकित नहीं है। लिपिकों के लिए सेवा शर्त नियमावली नहीं होने के कारण भी उन्हें प्रोन्नति नहीं मिल पा रही है।


छह महीने में हजारीबाग में अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य पूरा हो जाएगाः प्रभारी मंत्री
ऊर्जा विभाग के प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने विधायक प्रदीप प्रसाद के सवाल के जवाब में बताया कि छह महीने के भीतर हजारीबाग के कालीबाड़ी रोड, झंडा चौक, बड़ा अखाड़ा, रानी बाजार आदि क्षेत्रों में अंडरग्राउंड केबलिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। एक सप्ताह के भीतर शहर में केबल बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे भी भर दिए जाएंगे। प्रदीप प्रसाद का आरोप था कि केबलिंग का कार्य अधूरा है। इससे भारी परेशानी हो रही है।


अलग अलग मानदेय भुगतान की विसंगति दूर होगीः चमरा लिंडा
विधायक अमित कुमार के सवाल के जवाब में मंत्री चमरा लिंडा ने सदन को बताया कि विसंगति को दूर करने के लिए चार दिनों के भीतर कमेटी का गठन कर दिया जाएगा। कमेटी 15 दिनों के अंदर जवाब देगी। विधानसभा के अगले सत्र से पहले छह महीने के भीतर इस विसंगति को दूर कर ली जाएगी। अमित कुमार का सवाल था कि सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अंतर्गत जिला मुख्यालय, अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड एवं शहरी क्षेत्र के अंचल कार्यालयों में  दैनिक मानदेय या पारिश्रमिक के आधार पर नियुक्त कर्मियों को अलग अलग राशि का भुगतान किया जा रहा है।

Tags - Jharkhand Assembly Budget Session MLA Questions Cold Storage Answers