logo

जामताड़ा में किराना दुकानदार के बेटे पवन केशरी ने कॉमर्स स्ट्रीम में किया जिला टॉप

a881.jpg

जामताड़ा: 

जामताड़ा में किराना दुकानदार के बेटे पवन केशरी ने जैक इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में वाणिज्य संकाय में जिला टॉप किया है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा इंटरमीडिएट कॉमर्स के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जामताड़ा जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस वर्ष मिहिजाम स्थित आर.के. प्लस टू हाई स्कूल के छात्र पवन केशरी ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पवन ने कुल 432 अंक (86.4%) अर्जित कर जिले का मान बढ़ाया है। उनकी इस कामयाबी पर माता-पिता और शिक्षक काफी खुश हैं। 

साधारण परिवार, असाधारण सफलता
पवन की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और संघर्ष का परिणाम है। वे एक बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता, पारसनाथ केसरी, मिहिजाम में एक छोटी सा किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, वहीं माता सुनीता केशरी एक गृहिणी हैं। संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बावजूद पवन ने कभी अपने हौसले कम नहीं होने दिए और अपनी लगन से यह मुकाम हासिल किया।

​सोशल मीडिया से दूर रहे पवन केशरी
आज के डिजिटल युग में जहां युवा सोशल मीडिया पर समय बिताते हैं, पवन का पूरा ध्यान केवल अपनी किताबों पर केंद्रित रहा। उनका कहना है कि उन्हें पढ़ाई के अलावा अन्य कोई शौक नहीं है। अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए पवन ने अपने भविष्य के लक्ष्य को साझा किया। वे बैंकिंग सेवा (Banking Services) में जाकर देश की वित्तीय प्रणाली का हिस्सा बनना चाहते हैं।

मिहिजाम क्षेत्र में पवन की सफलता से खुशी
​पवन की इस कामयाबी से आर.के. प्लस टू हाई स्कूल और पूरे मिहिजाम क्षेत्र में जश्न का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि पवन ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो अभाव भी सफलता की राह में रोड़ा नहीं बन सकते। पवन की इस सफलता ने जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत पेश किया है।

Tags - JAC Board ResultJAC 12th Board ResultJAC Result NewsJharkhand NewsPawan Keshri