हजारीबाग:
जैक की 10वीं बोर्ड परीक्षा में हजारीबाग की 5 बेटियों ने टॉप-3 में जगह बनाई है। सभी बच्चियां हजारीबाग के इंदिरा गांधी बालिका उच्च विद्यालय की छात्रा हैं। प्रियांशु कुमारी 99.60 फीसदी अंक लाकर स्टेट टॉपर बनी हैं। इनके अलावा दूसरे और तीसरे स्थान पर इसी स्कूल की 2-2 लड़कियां हैं। बैष्णवी श्री और जुलिता मिंज को जहां एकसमान 496 अंक मिले हैं तो वहीं थर्ड टॉपर्स लिस्ट में एकसमान 494 अंक पाने वालों में हजारीबाग की ही अमीषा कुमारी और दीप्ति रानी हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा 10वीं का रिजल्ट जारी होते ही हजारीबाग की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

प्रियांशु कुमारी ने स्टेट टॉप किया है
इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय, हजारीबाग की छात्रा प्रियांशु कुमारी ने 498 अंक प्राप्त कर टॉप सूची में अपना स्थान बनाया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है। प्रियांशु कुमारी के पिता एक व्यवसायी हैं। उनकी सफलता से यह साबित होता है कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
जिले की अन्य छात्राओं ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिससे हजारीबाग शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर चर्चा में आ गया है।