द फॉलोअप डेस्क:
बोकारो जिला के कसमार प्रखंड अंतर्गत खैराचातर गांव की छोटी कुमारी जैक की 12वीं बोर्ड परीक्षा में झारखंड टॉपर बनी है। छोटी कुमारी ने 487 अंक हासिल किए हैं। छोटी कुमारी के पिता भवानी शंकर दिहाड़ी मजदूर हैं। छोटी कुमारी की इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी है। छोटी कुमारी ने पीएमश्री क्षेत्रनाथ प्लस 2 स्कूल, हरनाद से पढ़ाई की है। दिहाड़ी मजदूर पिता की बेटी छोटी कुमारी ने सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद अपनी मेहनत और लगन के बूते यह मुकाम पाया है। छोटी की कामयाबी पर पूरा परिवार खुशी से फूले नहीं समा रहा है।

प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं छोटी
छोटी कुमारी के परिवार वालों ने गांव वालों के साथ मिठाई बांटकर इस खुशी को जाहिर किया है। छोटी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। स्कूल प्रबंधन को भी छोटी की इस उपलब्धि पर काफी गर्व हो रहा है। छोटी कुमारी भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज की सेवा करना चाहती हैं।
तीनों संकायों में लड़कियों ने ही किया टॉप
गौरतलब है कि आज ही जैक बोर्ड ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स स्ट्रीम में लड़कियों का दबदबा है। रशीदा नाज साइंस स्ट्रीम बनी है जबकि छोटी कुमारी आर्ट्स स्ट्रीम में अव्वल आई हैं। वाणिज्य संकाय में श्वेता प्रसाद पूरे झारखंड में प्रथम स्थान पर आई हैं। अन्य टॉपर्स में भी लड़कियां शामिल हैं।