द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
बीसीसीआई ने खराब फॉर्म में चल रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाने का फैसला किया है, जो पिछले 2 सीजन से आईपीएल फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स के कप्तान हैं। श्रेयस अय्यर ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था। 2020 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को अपनी कप्तानी में फाइनल तक पहुंचाया तो 2024 के सीजन में कोलकाता नाईट राइडर्स उनकी ही कप्तानी में तीसरी बार खिताब जीता।
श्रेयस अय्यर साथियों के बीच टीममैन के नाम से मशहूर हैं और धौनी की तरह ही मैदान में शांतचित्त रहते हुए फैसले लेने के लिए जाने जाते हैं। गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज हैं और टीम इंडिया के बेहतरीन फील्डरों में उनकी गिनती होती है।

आईपीएल में 3 टीमों की कप्तानी की और खिताब जीता
गौरतलब है कि आईपीएल 2020 में पहली बार कप्तानी करते हुए उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में पहुंचा दिया था। खिताबी मुकाबले में श्रेयस के बल्ले से 50 गेंदों पर 65 रनों की पारी आई थी। हालांकि, खिताब मुंबई इंडियंस ने जीता। आईपीएल 2024 में कोलकाता की कप्तानी करते हुए श्रेयस अय्यर ने फ्रेंचाइजी को तीसरा खिताब दिलाया। उनकी टीम ने खिताबी मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से हराया था।
आईपीएल 2025 में पहली बार पंजाब किंग्स की कप्तानी करते हुए श्रेयस अय्यर ने टीम को फाइनल तक पहुंचाया। इस सीजन श्रेयस के बल्ले से 6 हाफसेंचुरी और 175 के स्ट्राइक रेट से 604 रन आए। विशेषज्ञों ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी, उनकी टीम भावना और निजी प्रदर्शनों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

पंजाब किंग्स के साथ सुनहरा समय व्यतीत किया
आईपीएल 2026 में भी श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, बाद में 6 लगातार मुकाबले गंवाकर टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। श्रेयस अय्यर मध्यक्रम के शानदार बल्लेबाज, बेहतरीन फील्डर और कमाल के टीममैन माने जाते हैं। बीसीसीआई ने सोचा कि यही सही वक्त है कि खराब फॉर्म में चल रहे 36 वर्षीय सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया जाए।