logo

चैंपियंस ट्रॉफी में विराट कोहली का शानदार प्रदर्शन, गेल को पीछे छोड़ बना सकते हैं यह रिकॉर्ड  

kohli_gayle.jpg

द फॉलोअप डेस्क             
भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 98 गेंदों में 84 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया और चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इसके साथ ही वे कुल मिलाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए, शिखर धवन को पीछे छोड़ते हुए। कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी के 17 मैचों में 82.88 की औसत से 746 रन बनाए हैं। इसमें एक शतक और 6 अर्धशतक शामिल हैं। अब उनका अगला लक्ष्य है क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना। चैंपियंस ट्रॉफी में 'रनों का राजा' बनने के लिए उन्हें केवल 46 रन की जरूरत है। ऐसे में कोहली के पास 9 मार्च को फाइनल में यह उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।क्रिस गेल के नाम है रिकॉर्ड
जानकारी हो कि चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी क्रिस गेल के नाम है। गेल ने 2002 से 2013 के बीच 17 मैचों में 791 रन बनाये, जिसमें उनका औसत 52.73 रहा। उन्होंने 3 शतक और एक अर्धशतक भी लगाया। 

इन दिग्गजों के नाम भी हैं शामिल 
वहीं, इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर श्रीलंका के महेला जयवर्धने हैं। इन्होंने 22 मैचों में 742 रन बनाए हैं। जबकि चौथे स्थान पर भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन हैं, जिन्होंने 701 रन बनाये। इसके साथ ही लिस्ट में पांचवें स्थान पर श्रीलंका के कुमार संगाकारा का नाम है, जिन्होंने 683 रन जोड़े हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली छठे नंबर पर हैं, जिनके नाम 665 रन हैं। गांगुली ने चैंपियंस ट्रॉफी में 13 मैचों में यह रन बनाए थे और उनका औसत 73.88 रहा।

Tags - Champions Trophy 2025 Final Match Virat Kohli Chris Gayle Sports News National News Latest News Breaking News