द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
टीम इंडिया में रोहित शर्मा की जगह को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। वह वनडे सेटअप का हिस्सा बने रहेंगे। दरअसल, बोर्ड ऑफ कंट्रोल क्रिकेट इन इंडिया (BCCI) की सालाना रिव्यू मीटिंग के बाद मीडिया से मुखातिब बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया से रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर सवाल किया गया तो, उन्होंने कहा कि आपने देखा कि वह कितना शानदार खेल रहे हैं। दरअसल, रोहित शर्मा की 2027 वनडे वर्ल्ड कप में उपलब्धता को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी। चर्चा थी कि हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर वनडे टीम में ओपनर की पॉजिशन पर रोहित शर्मा की जगह युवा यशस्वी जायसवाल को शामिल करने के पक्ष में हैं।

वनडे वर्ल्ड कप में रोहित का अनुभव जरूरी
बोर्ड की मीटिंग को लेकर सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर रोहित शर्मा की जगह यशस्वी जायसवाल को वनडे टीम में शामिल किए जाने के पक्ष में थे, लेकिन कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया समेत अन्य ऑफिशियल इस बात पर सहमत थे कि दक्षिण अफ्रीका की कंडीशन को देखते हुए 2027 के वनडे विश्व कप में अनुभवी रोहित शर्मा का टीम में होना जरूरी है जो इस तरह की परिस्थितियों में बैटिंग और लीडरशिप स्किल से भी टीम में योगदान देने में सक्षम हैं। दरअसल, रोहित शर्मा 38 साल के हैं और उनकी उम्र को देखते हुए टीम में उनकी जगह को लेकर संदेह के बादल मंडरा रहे थे।

मुख्य चयनकर्ता अगरकर मीटिंग में नहीं थे
गौरतलब है कि गुरुवार को मुंबई में बीसीसीआई की रिव्यू मीटिंग में टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल, टी20 फॉर्मेट के कप्तान श्रेयस अय्यर, हेड कोच गौतम गंभीर, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण और सेक्रेटरी देवजीत सैकिया शामिल हुए। इस मीटिंग में मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर शामिल नहीं हो सके, क्योंकि वह छुट्टियों पर हैं और सूत्रों के मुताबिक उनके पास अभी इंटरनेट की सुविधा नहीं थी।
इस मीटिंग के बाद देवजीत सैकिया ने इस चर्चा को खारिज किया, जिसमें वीवीएस लक्ष्मण को क्रिकेट डायरेक्टर की भूमिका देने की बात कही जा रही थी। उन्होने साफ किया कि अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति में भी तत्काल कोई बदलाव नहीं किया जायेगा।