द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
टीम इंडिया ने 8वीं बार एकदिवसीय फॉर्मेट में 400 से ज्यादा रन बनाया है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 403 रन का लक्ष्य दिया। टीम इंडिया की ओर से इस मैच में 2 शतक लगे हैं। कप्तान शुभमन गिल ने 154 रन की पारी खेली तो वहीं विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने महज 79 गेंदों पर 125 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भी 48 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली।
भारतीय टीम ने 49.5 ओवर में 402 रन बनाए। टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने पारी में कुल मिलाकर 45 चौके लगाए, वहीं 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। निचले क्रम में टीम इंडिया ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए वरना अफगानिस्तान के लिए लक्ष्य और बड़ा हो सकता था।

नंगेलिया खरोटी ने 4 विकेट हासिल किए
अफगानिस्तान के लिए नंगेलिया खरोटी सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 ओवर के अपने स्पैल में 76 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया। इसके बाद राशिद खान ने 8 ओवर में 48 रन देकर 3 बैटर्स को आउट किया। राशिद खान सबसे किफायती भी रहे, जिनकी इकोनॉमी महज 6 की रही। बिलाल शामी सबसे महंगे गेंदबाज रहे, जिन्होंने 8.5 ओवर में 90 रन खर्च किए।
दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज मो. सलीम शफी रहे जिन्होंने 8 ओवर के अपने स्पैल में 75 रन खर्च किए और केवल 1 विकेट लिया।