द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
India-New Zealand T20 Series: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार (22 अक्टूबर) को क्राइस्टचर्च (Christchurch) में खेला जाएगा। मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) और न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर (Michel Santnor) ने ट्रॉफी के साथ फोटो सेशन में हिस्सा लिया। मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में दोनों ही खिलाड़ियों ने अपनी टीम की रणनीतियों, प्लेइंग 11, प्रतिद्वंदिता और तैयारियों के बारे में बातचीत की। जहां न्यूजीलैंड के मिशेल सेंटनर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryawanshi) जैसे आक्रामक बल्लेबाज के खिलाफ उनकी टीम खास रणनीति बना रही है तो वहीं श्रेयस अय्यर ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी अभी काफी युवा हैं और उन्हें संजू सैमसन (Sanju Samson) और अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) की मौजूदगी में मौके के लिए इंतजार करना होगा। दिलचस्प है कि श्रेयस अय्यर ने कहा कि वैभव को अभी कुछ साल लगेंगे।
खिलाड़ियों ने नेट्स पर बहाया पसीना
मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स पर लंबी बैटिंग प्रैक्टिस की। 4 साल बाद वापसी कर रहे अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी नेट्स पर काफी समय बिताया। अभिषेक शर्मा इस बीच हेड कोच गौतम गंभीर के साथ डीप डिस्क्शन में मशगूल दिखे, वहीं वैभव सूर्यवंशी ने सीनियर संजू सैमसन के साथ लंबी गुफ्तगू की। गौरतलब है कि आयरलैंड जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ 3-0 से सीरीज गंवाने के बाद और फिर इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 4 मुकाबले गंवाने वाली टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड की तेज और उछाल वाली पिचों पर मेजबान का मुकाबला करना काफी चुनौतीपूर्ण होगा।

कहां देख सकते हैं भारत-न्यूजीलैंड सीरीज!
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी ने कहा कि मौजूदा भारतीय टीम निश्चित रूप से दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में शुमार है। वे वर्ल्ड कप विजेता हैं, लेकिन न्यूजीलैंड में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए उन्हें तेज और उछाल वाली पिचों के लिए बढ़िया तैयारी के साथ उतरना होगा। टिम साउदी ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के गेंदबाज कड़ी चुनौती देंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज के सभी मुकाबले सोनी स्पोर्ट्स पर प्रसारित होंगे। ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग भी होगी।