logo

U-18 एशिया कप हॉकी के लिए टीम इंडिया में चुनी गईं सिमडेगा की संदीपा और पुष्पा, जापान जाएंगी

a1332.jpg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

झारखंड के सिमडेगा जिले की पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी का चयन अंडर-18 भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी जापान में 29 मई से आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। संदीपा कुमारी की बड़ी बहन  संगीता कुमारी सीनियर महिला हॉकी टीम की अहम सदस्य हैं। संदीपा और पुष्पा के बचपन के कोच मनोज कोनबेगी ने बताया कि अभी दोनों लड़कियां भोपाल में नेशनल कैंप में हैं। इससे पहले भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भी संदीपा कुमारी और पुष्पा मांझी का चयन किया गया था। 

राजस्थान में मजदूरी करते हैं पुष्पा के पिता
कोच मनोज कोनबेगी ने जानकारी दी है कि पुष्पा मांझी सिमडेगा जिले के कुरडेग प्रखंड अंतर्गत आसनबेड़ा कुसुमटोला गांव की रहने वाली है। पिता देवेंद्र मांझी राजस्थान में मजदूरी करते हैं वहीं मां हीरामुनी देवी गांव में ही खेती-बाड़ी का काम करती है। पुष्पा मांझी ने हॉकी का ककहरा गोंडवाना हॉकी क्लब में सीखा और फिर हॉकी सेंटर लचड़ागढ़ में खुद को निखारा। 2024 में पुष्पा मांझी का चयन सेंटर फॉर एक्सीलेंस, सिमडेगा में हो गया, जहां कोच मनोज कोनबेगी ने प्रशिक्षण दिया। पुष्पा मांझी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सिमडेगा में +2 में पढ़ाई करती हैं। मिडफील्ड और फॉरवर्ड पॉजिशन की तेजतर्रार खिलाड़ी पुष्पा मांझी सत्र 2024-25 में झारखंड के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं में टॉप स्कोरर रहीं। 

जूनियर सब नेशनल की टॉप स्कोरर संदीपा
मनोज कोनबेगी ने बताया कि संदीपा कुमारी जिले के केरसई प्रखंड अंतर्गत करंगागुड़ी नवाटोली गांव की रहने वाली है। वह सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में पढ़ती हैं, जबकि आवासीय हॉकी सेंटर में ट्रेनिंग प्राप्त करती हैं। 2025 में विभिन्न राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है। इसी साल सब-जूनियर नेशनल्स में झारखंड ने गोल्ड जीता तो संदीपा टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर रहीं। इसी प्रदर्शन का इनाम उनको अंडर-18 एशिया कप प्रतियोगिता के लिए टीम इंडिया में चयन के रूप में मिला है। दिलचस्प है कि 2016 में जब झारखंड की महिला हॉकी टीम सब जूनियर नेशनल में कांस्य पदक विजेता थी, तो उसमें संदीपा की बड़ी बहन संगीता टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर थी। इसी प्रदर्शन के बाद संगीता ने भी अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए टीम इंडिया में जगह बनाई थी। 

अंडर-18 महिला टीम में झारखंड की 6 खिलाड़ी
गौरतलब है कि अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम में झारखंड की 6  खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें 2 खिलाड़ी सिमडेगा की है। झारखंड को हॉकी की नर्सरी कहा जाता है और सिमडेगा उनमें भी खास है। भारतीय महिला हॉकी टीम की मौजूदा कप्तान सलीमा टेटे सिमडेगा की रहने वाली हैं। उनको अर्जुन अवॉर्ड से भी नवाजा गया है।  

Tags - U 18 Asia Cup HockeyPushpa ManjhiSandipa KumariHockey Jharkhand