द फॉलोअप डेस्क
65वें सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंडर-17 बालिका वर्ग में राष्ट्रीय चैंपियन बनने वाली संत पैट्रिक स्कूल गुमला की बेटियों की ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। दिल्ली में खेले गए फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने खिताब अपने नाम किया और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का परचम लहराया। राष्ट्रीय चैंपियन बनने पर संत पैट्रिक स्कूल गुमला की विजेता टीम को कुल 5 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। टीम की इस सफलता में खिलाड़ियों के साथ कोच और गोलकीपर की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

कोच और गोलकीपर को भी मिलेगा पुरस्कार
टीम की बेस्ट कोच बीणा केरकेट्टा को उत्कृष्ट मार्गदर्शन के लिए 50 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, टीम की बेस्ट गोलकीपर खुशबू कुमारी को शानदार प्रदर्शन के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। फाइनल तक पहुंचने और खिताब जीतने के पूरे सफर में संत पैट्रिक स्कूल की खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और बेहतरीन खेल का परिचय दिया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता से गुमला सहित पूरे झारखंड के खेल प्रेमियों में उत्साह है।

ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने बढ़ाया झारखंड का मान
स्कूल की बेटियों ने साबित कर दिया कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्र की प्रतिभाओं को उचित अवसर, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। फाइनल मुकाबले के दौरान दिल्ली के खेल मैदान में बसिया अनुमंडल के एलआरडीसी शेखर कुमार, स्कूल के एचएम फादर नाबोर मिंज, फादर रंजीत खलखो सहित गुमला प्रशासन के अधिकारी और स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी ऐतिहासिक जीत के साक्षी बने।