द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने फ्रेंचाइजी के सामने कप्तानी छोड़ने का प्रस्ताव रखा था, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। फ्रेंचाइजी ने बतौर कप्तान ऋषभ पंत के योगदान के लिए सराहना की है और कहा है कि हम अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति पर पहुंचने के लिए टीम के पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर ध्यान देंगे। गौरतलब है कि मेगा ऑक्शन में ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत देकर लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने साथ जोड़ा था, लेकिन बतौर कप्तान वह टीम को कामयाब दिलाने में सफल नहीं रहे।
पिछले 2 सीजन में ऋषभ पंत ने 28 मैचों में लखनऊ की कप्तानी की जिनमें केवल 10 मुकाबले जीते और 18 में हार मिली। आईपीएल के मौजूदा सीजन में ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 14 में से केवल 4 मैच ही जीत सकी और अंक तालिका में सबसे नीचे रही।
Official announcement. pic.twitter.com/7WeOwpkDr6
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) May 29, 2026
ऋषभ पंत की भूमिका पर उठते सवाल
बतौर कप्तान ऋषभ पंत की भूमिका पर सवाल उठते रहे। ऋषभ पंत ने कई बार पोस्ट मैच प्रजेंटेशन में इशारा किया है कि टीम में प्लेइंग 11 चुनने से लेकर मैदान में रणनीति बनाने तक में केवल उनकी भूमिका अहम नहीं है। यहां कई लोगों का फैसला शामिल होता है। गौरतलब है कि इससे पहले केएल राहुल ने भी लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी की थी, लेकिन एक मैच में हार के बाद टीम ओनर संजीव गोयनका को केएल राहुल को सरेआम डांटते हुए देखा गया। बाद में केएल राहुल ने कहा था कि नॉन-क्रिकेटिंग लोगों को मैदान में लिया गया फैसला समझाने में मुश्किल होती है और प्लेइंग 11 के चयन में उनका काफी दखल होता है।

मुंबई इंडियंस का कप्तान बदलेगा!
मुंबई इंडियंस में भी कप्तान बदलने की चर्चा है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट बताती है कि फ्रेंचाइजी ने बतौर कप्तान हार्दिक पांड्या की छुट्टी करने का प्लान तैयार कर लिया है। भविष्य में तिलक वर्मा या सूर्यकुमार यादव को फ्रेंचाइजी का कप्तान बनाया जा सकता है। चेन्नई सुपर किंग्स में भी बतौर कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को रिप्लेस किया जा सकता है। कप्तानी का दबाव का असर उनकी बल्लेबाजी में दिखता है। हो सकता है कि संजू सैमसन को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया जाए।