द फॉलोअप डेस्क
भारतीय खेल इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (CLW) की कर्मचारी और भारत की स्टार जिमनास्ट प्रणति नायक ने उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित FIG वर्ल्ड चैलेंज कप 2026 में देश का मान बढ़ाते हुए रजत पदक (Silver Medal) अपने नाम कर लिया है। प्रणति ने यह सफलता महिलाओं के वॉल्ट इवेंट में शानदार और हैरतअंगेज प्रदर्शन करते हुए हासिल की। मेडलिस्ट प्रणति नायक की इस वैश्विक सफलता से न केवल पूरे देश में जश्न का माहौल है, बल्कि उनके गृह राज्य ओडिशा और चित्तरंजन रेलइंजन कारखाना (CLW) परिवार सहित स्थानीय निवासियों का सीना भी गर्व से चौड़ा हो गया है।

चोट को मात देकर की शानदार वापसी
हाल ही में चोट के कारण राष्ट्रीय चैम्पियनशिप से बाहर रहने के बाद, प्रणति ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमाकेदार वापसी की है। वॉल्ट के बेहद कड़े फाइनल मुकाबले में उन्होंने 13.025 का दमदार स्कोर बनाकर पोडियम पर दूसरा स्थान पक्का किया। उनके दोनों वॉल्ट्स का प्रदर्शन कुछ इस प्रकार का रहा जिसमें पहला वॉल्ट (Chusovitina): प्रणाती ने 4.40 डिफिकल्टी वाले इस वॉल्ट में 12.950 अंक हासिल किए। दूसरा वॉल्ट (Tsukahara): इस कठिन प्रयास में उन्होंने 12.700 अंक बटोरे। बोनस अंकों के साथ उनका कुल औसत स्कोर 13.025 रहा, जिसने उन्हें सिल्वर मेडल की दहलीज पर पहुँचा दिया।
धैर्य और कड़ी मेहनत का फल मिला
मेडल जीतने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी खुशी साझा करते हुए प्रणति ने लिखा कि "पिछले कुछ महीने मेरे लिए आसान नहीं थे। कई बार मन में संदेह हुआ, चोटें आईं और मुश्किल दिन देखने पड़े। लेकिन मैंने खुद पर भरोसा कभी नहीं खोया। आज पोडियम पर खड़े होकर इस मेडल को देखना इस बात का सबूत है कि धैर्य, कड़ी मेहनत और विश्वास का फल हमेशा मिलता है।"

खेल जगत में खुशी की लहर
चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (CLW) प्रशासन और यहाँ के निवासियों ने प्रणति की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें सैल्यूट किया है। इस अवसर पर CLW अधिकारियों ने कहा कि प्रणति ने अपनी निरंतरता, कड़े अनुशासन और देश के प्रति समर्पण से एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे विश्व स्तर की एथलीट हैं। भारतीय जिमनास्टिक्स के मुख्य कोच अशोक मिश्रा और ओडिशा जिमनास्टिक्स एसोसिएशन ने भी प्रणति नायक को बधाई देते हुए कहा कि यह मेडल देश के युवा एथलीटों के लिए बड़ी प्रेरणा बनेगा।प्रणति नायक की मुख्य उपलब्धियों में FIG वर्ल्ड चैलेंज कप 2026: वॉल्ट इवेंट में सिल्वर मेडल (ताशकंद)। एशियन चैम्पियनशिप: तीन बार की पदक विजेता (दो कांस्य सहित ऐतिहासिक प्रदर्शन)। ओलंपियन: टोक्यो 2020 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व। आगामी लक्ष्य: राष्ट्रमंडल खेल (Commonwealth Games) और एशियाई खेलों (Asian Games) में गोल्ड मेडल जीतना है।
.jpeg)