द फॉलोअप डेस्क
आज यानी 7 जुलाई को महेंद्र सिंह धोनी अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन को देशभर में फैंस अपने-अपने अंदाज में खास बनाते हैं। कोई केक काटता है तो कोई पूजा-अर्चना करता है, लेकिन झारखंड के देवघर में एक ऐसा फैन है, जिसकी दीवानगी हर किसी का ध्यान खींच रही है। देवघर के जसीडीह स्थित आरोग्य भवन के पास रहने वाले आर्यन पेशे से चाय बेचते हैं। उन्होंने अपनी छोटी-सी दुकान का नाम ही 'धोनी टी स्टॉल' रख दिया है। आर्यन का कहना है कि वह बचपन से ही महेंद्र सिंह धोनी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। उनके लिए धोनी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि प्रेरणा और भगवान के समान हैं। यही वजह है कि वह हर साल 7 जुलाई का बेसब्री से इंतजार करते हैं और पूरे उत्साह के साथ अपने पसंदीदा खिलाड़ी का जन्मदिन मनाते हैं।

धोनी की तस्वीर के सामने काटते हैं केक
आर्यन हर साल अपनी दुकान को गुब्बारों और धोनी के पोस्टरों से सजाते हैं। इसके बाद धोनी की तस्वीर के सामने केक काटा जाता है और पूरे दिन दुकान पर आने वाले हर ग्राहक को मुफ्त में चाय पिलाई जाती है। उनका कहना है कि यह उनके पसंदीदा खिलाड़ी के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि पिछले कई वर्षों से वह इस परंपरा को निभा रहे हैं और 7 जुलाई को उनकी दुकान पर आने वाले किसी भी ग्राहक से चाय के पैसे नहीं लिए जाते। आसपास के लोग भी इस दिन का इंतजार करते हैं और बड़ी संख्या में उनकी दुकान पर पहुंचते हैं। कई लोग इस अनोखी दीवानगी को देखने आते हैं, जबकि कई लोग धोनी के जन्मदिन की खुशी में आर्यन के साथ शामिल होकर मुफ्त चाय का आनंद लेते हैं।

माही मेरी दुकान पर आ जाएं, यही जिंदगी की सबसे बड़ी ख्वाहिश
आर्यन का कहना है कि उनके जीवन की सबसे बड़ी इच्छा सिर्फ एक है कि एक दिन महेंद्र सिंह धोनी उनकी छोटी-सी चाय की दुकान पर आएं और उनके हाथ की बनी चाय पिएं। वह भावुक होकर कहते हैं कि अगर ऐसा हो गया तो वह अपने जीवन को सफल मानेंगे। उनके लिए वह पल किसी सपने के सच होने जैसा होगा। आर्यन कहते हैं कि जिस दिन माही उनकी दुकान पर आएंगे, उस दिन उन्हें ऐसा महसूस होगा जैसे कलयुग में उन्हें अपने भगवान के साक्षात दर्शन हो गए हों। हालांकि, उन्हें एक बार रांची के स्टेडियम में दूर से धोनी को देखने का मौका मिला था, लेकिन आज भी वह उनसे आमने-सामने मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

धोनी को टीम इंडिया का मुख्य कोच बनते देखना चाहते हैं आर्यन
धोनी के भविष्य को लेकर भी आर्यन की एक बड़ी इच्छा है। उनका मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का अनुभव भारतीय क्रिकेट के लिए आज भी बेहद मूल्यवान है। इसलिए वह चाहते हैं कि आने वाले समय में माही भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालें। आर्यन का कहना है कि जिस तरह धोनी ने कप्तान रहते हुए टीम इंडिया को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, उसी तरह अगर वह कोच बनेंगे तो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी सही दिशा मिलेगी। देवघर के इस चायवाले की धोनी के प्रति ऐसी अनोखी दीवानगी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और हर कोई उनके इस समर्पण और प्रेम की सराहना कर रहा है।