द फॉलोअप डेस्क:
न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ टी20 सीरीज (T20 Series) के बीच भारतीय टीम (Indian Team) को बड़ा झटका लगा है। टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) चोट के कारण दूसरे टी20 मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई (BCCI) ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। भारत और न्यूजीलैंड के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार, 24 अक्टूबर को खेला जाएगा। भारतीय टीम ने पहले टी20 में जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है।

पहले मैच में लगी थी चोट
बीसीसीआई के मुताबिक, ईशान किशन को पहले टी20 मुकाबले के दौरान ग्रोइन में हल्का खिंचाव आया था। इसी वजह से उन्हें दूसरे मैच से बाहर रखने का फैसला लिया गया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि ईशान को लो-ग्रेड स्ट्रेन हुआ है और मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। पहले मुकाबले में ईशान का बल्ला भी खामोश रहा था। वह महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।

वनडे सीरीज में खेलने पर भी नजर
फिलहाल बीसीसीआई ने ईशान के केवल दूसरे टी20 मैच से बाहर होने की जानकारी दी है। हालांकि, उनकी चोट की गंभीरता और रिकवरी के आधार पर आगे के मुकाबलों में उनकी उपलब्धता तय होगी। ईशान को आगामी वनडे सीरीज के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली है। इतना ही नहीं, आखिरी के दो वनडे मुकाबलों के लिए उन्हें उपकप्तान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। ऐसे में टीम इंडिया के लिए उनकी फिटनेस अहम होगी। अब सभी की नजर मेडिकल टीम की रिपोर्ट और ईशान की वापसी पर रहेगी।