द फॉलोअप डेस्क:
भारत को आयरलैंड ने पहले टी20 मैच में 34 रन से हरा दिया। क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में यह आयरलैंड की भारत पर पहली जीत है। इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया था। शुरुआत झटकों से उबरते हुए आयरलैंड ने कप्तान लोर्केन टकर के अर्धशतक और गारेथ डिलेनी के 49 रन की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में सितारों से सजी भारतीय टीम 18.5 ओवर में महज 148 रन बनाकर आउट हो गई।
अभिषेक शर्मा 50 और शिवम दुबे 25 ने ही थोड़ा लड़ने का जज्बा दिखाया। टीम इंडिया के 7 बैटर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। संजू सैमसन 5, ईशान किशन 1, कप्तान श्रेयस अय्यर 3 और हर्षित राणा 8 ने बल्ले से निराश किया।

शुरुआती झटकों के बाद संभला आयरलैंड
गौरतलब है कि भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत में आयरलैंड को झटके दिए। एक समय पर उनका स्कोर महज 36 रन पर 3 विकेट था लेकिन फिर मिडिल ऑर्डर ने मोर्चा संभाल लिया। कप्तान ने अर्धशतकीय पारी खेली और गारेथ डिलेनी ने 49 रन बना दिए। जॉर्ज डॉकरेल ने महज 10 गेंदों पर 19 रन बना दिए। टीम इंडिया को एक फाइटिंग टोटल मिला था, लेकिन वर्ल्ड चैंपियन टीम के हालिया फॉर्म को देखते हुए यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिए जाने की उम्मीद थी, लेकिन क्लाईमैक्स अभी बाकी था।

भारतीय बल्लेबाजों का शॉट सिलेक्शन
भारतीय टीम ने सधी हुई शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने आय़रलैंड के गेंदबाजों को आड़े हाथों लेना शुरू किया, लेकिन तभी संजू सैमसन महज 5 रन बनाकर आउट हो गए। ईशान किशन तो 5 गेंद खेलकर केवल 1 रन ही बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर का जादू भी नहीं चला। वॉशिंगटन सुंदर केवल 9 रन ही बना सके और अक्षर पटेल ने तो 15 रन बनाने में 16 गेंदें खेल लीं। हर्षित राणा भी 8 रन बनाने के लिए 9 गेंद खेल गए।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार पर क्या कहा
कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि विपक्षी टीम कोई भी हो, उनको हल्के में नहीं लेना चाहिए। यह मैच हमारे लिए आगे पूरी सीरीज के लिए बड़ा सबक है। हम पार्टनरशिप नहीं बना सके और कंडीशन को समझने में चूक हो गई। उन्होंने कहा कि हमारे गेंदबाजों ने आयरलैंड को शुरुआती झटके लिए लेकिन, कैच टपकाना हमारे हक में नहीं गया। उन्होंने कहा कि इस पिच पर 140 रन पर आयरलैंड को रोकना पर्याप्त होता।