logo

मोहसिन नकवी से ट्रॉफी क्यों नहीं ली? भारतीय टीम का पहला रिएक्शन आया

मोहसिन नकवी से ट्रॉफी क्यों नहीं ली? भारतीय टीम का पहला रिएक्शन आया

द फॉलोअप डेस्क: 

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर भारत और एशियन क्रिकेट काउंसिल के बीच गतिरोध लगातार दूसरे साल भी देखने को मिला। रविवार को दुबई में श्रीलंका को 72 रनों से हराकर भारतीय महिला टीम ने महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार एशिया कप जीता, लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर जाने से इनकार कर दिया। एसीसी अध्यक्ष, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी को ट्रॉफी प्रदान करनी थी। भारतीय महिला टीम ने उनके हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया और पुरस्कार वितरण समारोह के लिए मैदान पर भी नहीं आई। हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने नंदनी शर्मा को बेस्ट फील्डिंग का मेडल दिया, लेकिन इसके बाद भी भारतीय महिला खिलाड़ी पुरस्कार वितरण समारोह के लिए मैदान पर वापस नहीं लौटीं। 

हेड कोच ने कहा- यह BCCI का फैसला था

वहीं, श्रीलंकाई टीम ने मोहसिन नकवी से उपविजेता का चेक स्वीकार किया। श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू को पुरस्कार देने के बाद नकवी तुरंत स्टेडियम से चले गए। ट्रॉफी नहीं लेने के फैसले पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि यह फैसला बीसीसीआई का था और टीम इस फैसले पर कायम है। उन्होंने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि टूर्नामेंट अब उनके लिए खत्म हो चुका है और टीम चैंपियन है। मजूमदार ने कहा कि बड़े बोर्ड पर भी भारत को एशिया कप 2026 का चैंपियन बताया गया था। अब टीम का ध्यान एशियन गेम्स 2026 पर है।

BCCI सचिव ने बताया ट्रॉफी नहीं लेने का कारण

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते खराब हुए थे। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने सेंट्रल गवर्नमेंट की पॉलिसी को फॉलो करते हुए पाकिस्तान के साथ खेला, लेकिन भारत का हर खिलाड़ी और देशवासी 'नेशन इज फर्स्ट' की नीति को मानता है। सैकिया ने कहा कि भारत ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता, जो उनके मुताबिक भारत के खिलाफ युद्ध की बात करता है। इसी वजह से पिछले साल भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप का खिताब जीतने के बाद मोहसिन नकवी से ट्रॉफी और मेडल लेने से इनकार कर दिया था। इस बार महिला टीम ने भी यही रुख अपनाया। गौरतलब है कि पिछले साल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष टीम ने भी ट्रॉफी लिए बिना मंच पर एशिया कप जीत का जश्न मनाया था। इस तरह एशिया कप ट्रॉफी को लेकर भारत और मोहसिन नकवी के बीच गतिरोध लगातार दूसरे साल भी जारी रहा।

Tags - Women's Asia Cup 2026 Women's Asia Cup 2026 Final India vs Sri Lanka Women India Women Asia Cup Harmanpreet Kaur