logo

एशियन हॉकी चैंपियनशिप : भारत का जीत से आगाज, थाईलैंड को 7-1 से पीटा; झारखंड की संगीता ने लगाई हैट्रिक

a881.jpeg

रांची:

झारखंड विमेन एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी के अपने पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत से आगाज किया। भारतीय टीम ने थाईलैंड को हराया। भारतीय टीम ने मैच के पहले ही क्वार्टर में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। भारतीय टीम के लिए पहला गोल मोनिका ने किया। यह फील्ड गोल था। वहीं, पहले क्वार्टर का दूसरा गोल लोकल गर्ल सलीमा टेटे ने किया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को शानदार गोल में तब्दील किया। मैच के पहले ही मिनट से टीम इंडिया, थाईलैंड पर हावी रही।

 

दूसरे क्वार्टर तक थी 3-1 की लीड
टीम इंडिया ने राइट कॉर्नर से थाईलैंड पर लगातार अटैक किया। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में थाईलैंड ने भारतीय रक्षापंक्ति को भेदते हुए अपना पहला गोल किया। बता दें कि विमेन हॉकी में थाईलैंड की लड़कियों का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन था। दरअसल, अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में थाईलैंड की टीम ने भारत के खिलाफ पहला गोल किया। इससे पहले थाईलैंड कोई गोल नहीं कर पाई थी। भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में एक और गोल दागा और 3-1 की बढ़त हासिल कर ली। यह गोल संगीता ने दागा। टीम इंडिया ने दूसरे क्वार्टर की समाप्ति तक 3-1 की लीड बरकरार रखी।

तीसरे क्वार्टर में संगीता ने दागे 2 गोल 
टीम इंडिया ने तीसरे क्वार्टर में तब गोल किया जबकि उसके खत्म होने में महज 5 मिनट का वक्त बचा था। वंदना कटारिया ने दीपिका के पास पर गेंद को गोलपोस्ट में डाला और टीम इंडिया की लीड 4-1 हो गई। तीसरे क्वार्टर के आखिरी 45 सेकेंड में लोकल गर्ल संगीता ने एक और गोल दागा और लीड 5-1 की हो गई। संगीता ने मैच का दूसरा गोल दागा। इसके अगले ही 10 सेकेंड में संगीता ने हैट्रिक लगाते हुए एक और गोल दागा और टीम इंडिया की लीड 6-1 की हो गई। 

चौथे क्वार्टर में टीम इंडिया ने एक और गोल दागा और लीड बढ़कर 7-1 हो गई। फॉरवर्ड खिलाड़ी लालरेम्सियामी ने यह गोल दागा।