द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
भारत ने न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हरा दिया। यह मैच तीसरे दिन में ही खत्म हो गया। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के शतक के अलावा साईं सुदर्शन और ऋषभ पंत के 81-81 रन की बदौलत 564 रन बनाकर पहली पारी घोषित की। इस स्कोर में वॉशिंगटन सुंदर के भी 52 रनों का योगदान था। जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। कप्तान शुभमन गिल ने उन्हें फॉलोअन खेलने को आमंत्रित किया और अफगानिस्तान की दूसरी पारी भी 112 रनों पर सिमट गई। इस प्रकार टीम इंडिया ने एकमात्र टेस्ट मैच पारी और 300 रन के विशाल अंतर से जीता।

टीम इंडिया की ओर से 2 शतक लगे
टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बेहद सधी हुई शुरुआत की। केएल राहुल ने 100, साईं सुदर्शन ने 81, कप्तान शुभमन गिल ने 126, ऋषभ पंत ने 81 और वॉशिंगटन सुंदर ने 52 रन बनाए। अफगानिस्तान के लिए सबसे सफल गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी रहे जिन्होंने 6 भारतीय बल्लेबाजों को आउट किया।
मानव सुथार रहे सबसे सफल बॉलर
अफगानिस्तान की पहली पारी में रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 60 रन बनाए। उनकी टीम के 5 बैटर्स दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। रहमत शाह के बाद हसमतुल्लाह शहीदी ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। भारत के लिए डेब्यू करने वाले मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने पहले टेस्ट मैच की पहली ही पारी में 6 बैटर्स को आउट किया। प्रसिद्ध कृष्णा को 3 विकेट मिला।
अफगानिस्तान की दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने 4 बल्लेबाजों को आउट किया। उन्होंने इस मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया।