logo

Sports : हॉकी इंडिया की टेक्निकल टीम ने खूंटी में निर्माणाधीन स्टेडियम का लिया जायजा, दिया जरूरी निर्देश

b6b24a14-bfb8-4b26-b647-e993a883e38a.jpg

खूंटी: 

हॉकी और झारखंड का गहरा संबंध है। खूंटी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। खूंटी जिला अंतर्गत एसएस प्लस-2 स्कूल में निर्माणाधीन एस्टोटर्फ और बिरसा कॉलेज में निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम का जायजा हॉकी इंडिया की तकनीकी टीम ने लिया। टीम ने काम की गति और गुणवत्ता की जानकारी ली। टीम ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य समय पर पूरा कर लिया जाये। साथ ही निर्देश दिया कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता ना हो। 

हॉकी टीम की चयनकर्ता अंसुता लकड़ा भी थीं
टीम में भारतीय हॉकी टीम की चयनकर्ता अंसुता लकड़ा भी थीं। उन्होंने कहा कि पहले तो टर्फ बिछा था वो सही नहीं था। अब यहां नया टर्फ बिछाया जायेगा। काम ठीक से चल रहा है। खूंटी में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम बन रहा है। अंसुता लकड़ा ने कहा कि भविष्य में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। गौरतलब है कि एसएस प्ल-2 हाई स्कूल हॉकी स्टेडियम में स्टैंड बाई में 1 बोरिंग करने तथा हाई मास्क लाइट लगाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। 

स्टेडियम में नया एस्टोटर्फ बिछाने की तैयारी है
निरीक्षण के दौरान कंसल्टेंट अरुण कुमार ने बताया कि एसएस प्लस-2 स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का ब्लू एस्टोटर्फ बिछाया जायेगा। इसे वियतनाम से मंगाया जा रहा है। इसकी लागत लगभग 3 करोड़ रुपये है। नया एस्टोटर्फ बिछाने में तकरीबन साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मार्च तक काम पूरा करने का भरोसा दिया गया है। बिरसा कॉलेज में बन रहे स्टेडियम को 8 महीने में पूरा कर लिया जायेगा। ऐसा आश्वासन दिया गया है। 

साढ़े 7 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा स्टेडियम
जानकारी के मुताबिक नया स्टेडियम साढ़े 7 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसमें मैदान, छात्रावास, गैलरी बनेगी। 4 हाई मास्क लाईट लगेगी। रात को भी मैच का आयोजन किया जा सकेगा। जिले के युवा हॉकी खिलाड़ी इस बात से काफी उत्साहित हैं।