logo

आईपीएल 2026 में धोनी की वापसी तय, पूरे सीजन खेलेंगे, CSK के CEO ने लगाई मुहर

dhoni9.jpg

रांची
आईपीएल 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी को लेकर चल रही अटकलों के बीच चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ कासी विश्वनाथन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि धोनी इस बार भी आईपीएल का पूरा सीजन खेलेंगे। हालांकि टीम में उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला कोचिंग स्टाफ करेगा।
सीईओ के अनुसार यह पूरी तरह क्रिकेट से जुड़ा निर्णय है, इसलिए इसमें प्रशासनिक टीम दखल नहीं देगी। टीम का कोचिंग स्टाफ ही तय करेगा कि धोनी को बल्लेबाज, विकेटकीपर-बल्लेबाज या इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान में उतारा जाएगा। फिलहाल धोनी चेन्नई में टीम के साथ अभ्यास कर रहे हैं और नए सीजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं।


44 साल की उम्र में भी धोनी की फिटनेस और अनुभव को टीम के लिए बड़ी ताकत माना जा रहा है। उन्होंने पहले रांची में हल्की नेट प्रैक्टिस शुरू की और अब चेन्नई में चल रहे ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे हैं। पिछले दो सीजन में भी उन्होंने टीम के लिए अहम योगदान दिया था, जबकि उस समय वे घुटने की चोट से भी जूझ रहे थे।
पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी। ऐसे में इस बार टीम दमदार वापसी की उम्मीद कर रही है। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में चेन्नई सुपर किंग्स नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।


 

Tags - Ruturaj Gaikwad Captaincy IPL Preparation Chennai Dhoni Fitness Discussion CSK Coaching Decision IPL Comeback Hopes