logo

वैज्ञानिकों ने दी चेतावनी, पृथ्वी की घूमने की रफ्तार हो रही तेज; दिन होंगे छोटे 

earth.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
वैज्ञानिकों ने कहा है कि आने वाले दिनों में पृथ्वी की घूमने की रफ्तार थोड़ी तेज़ हो सकती है, जिससे दिन सामान्य 24 घंटे से थोड़े छोटे हो जाएंगे। यानी हर दिन करीब 1.3 से 1.51 मिलीसेकंड कम हो सकता है। वैज्ञानिकों ने कहा कि 22 जुलाई और 5 अगस्त को चंद्रमा की स्थिति पृथ्वी की गति को प्रभावित करेगी। जब चंद्रमा भूमध्य रेखा के पास होगा, तो उसका गुरुत्वाकर्षण बल धरती को थोड़ा तेज घुमा सकता है। यह कुछ वैसा ही है जैसे कोई लट्टू हल्का झुके तो तेजी से घूमने लगता है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक 1 से 2 अरब साल पहले, धरती पर एक दिन सिर्फ 19 घंटे का हुआ करता था। उस समय चंद्रमा बहुत पास था और उसका प्रभाव ज्यादा था। लेकिन समय के साथ चंद्रमा धीरे-धीरे दूर गया और दिन लंबे होते गए। 5 जुलाई 2024 को अब तक का सबसे छोटा दिन रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य दिन से 1.66 मिलीसेकंड छोटा था। इससे पहले 2020 में भी धरती ने 1970 के दशक के बाद सबसे तेज घूमने की रफ्तार दिखाई थी। 

जानकारी हो कि धरती की घूमने की गति एक जैसी नहीं रहती। कई चीज़ें इस पर असर डालती हैं, जैसे चंद्रमा और सूर्य का गुरुत्व बल, धरती के अंदर की हलचल, सतह पर पेड़-पौधों और बर्फ का बढ़ना-घटना या चुंबकीय क्षेत्र में बदलाव होना। यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल के वैज्ञानिक रिचर्ड होल्मे के मुताबिक, जब पेड़ों में पत्तियां आती हैं, तो धरती की सतह पर द्रव्यमान ऊपर बढ़ता है। इससे धरती की घूमने की रफ्तार में बदलाव आता है, बिल्कुल वैसे जैसे कोई स्केटर अपने हाथों को मोड़ कर तेज घूमता है। हालांकि ये बदलाव बहुत छोटे स्तर पर होते हैं, लेकिन वैज्ञानिक इनका बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं। भविष्य में समय की गणना, सैटेलाइट सिस्टम और तकनीकी उपकरणों पर इसका असर हो सकता है। 


 

Tags - earth days getting shorterearth's rotation is slowing downearth is suddenly rotating fasterscience facts that will shock you