गुमला:
Gumla News: झारखंड स्थापना दिवस और छठ महापर्व के पहले दिन 15 नवंबर को जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान डीसी दिलेश्वर महतो सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी हाथों में झाड़ू लेकर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर साफ-सफाई करते नजर आए। अभियान में कई सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए और सफाई अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।

छठ व्रतियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना उद्देश्य
स्वच्छता अभियान के दौरान डीसी दिलेश्वर महतो ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य छठ घाटों की साफ-सफाई कर छठ व्रतियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि हम अपनी दिनचर्या में थोड़ा समय निकालकर स्वच्छता के प्रति गंभीरता से ध्यान दें, तो आसपास का माहौल निश्चित रूप से बेहतर बनाया जा सकता है।

स्वच्छता से बेहतर बनता है जीवन और आसपास का माहौल
डीसी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण का हमारे जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। आसपास का माहौल साफ-सुथरा रहने से सकारात्मक वातावरण बनता है और बीमारियों से दूर रहने में भी मदद मिलती है। स्वच्छता से मानसिक स्वच्छता भी बनी रहती है तथा व्यक्ति अपने कार्यों को बेहतर तरीके से करने में सक्षम होता है।
शहर की स्वच्छता के प्रति हर व्यक्ति की जिम्मेदारी
डीसी दिलेश्वर महतो ने कहा कि यह स्वच्छता अभियान एक सांकेतिक पहल है, लेकिन आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है। शहर के कई स्थानों पर लोगों की लापरवाही के कारण गंदगी का जमाव देखने को मिलता है। यदि लोग कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय एक निर्धारित स्थान पर जमा करें, तो नगर परिषद के माध्यम से उसका उठाव कर शहर को साफ-सुथरा रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह शहर हमारा है और इसके प्रति हमारी भी जिम्मेदारी है। शहर की स्वच्छता के लिए सरकारी तंत्र अपनी जिम्मेदारी निभाता है, लेकिन यदि हर व्यक्ति भी अपनी जिम्मेदारी समझकर उसका निर्वहन करे, तो निश्चित रूप से बेहतर बदलाव लाया जा सकता है। इससे शहर को बेहतर स्वरूप देने के साथ-साथ लोगों की दिनचर्या और जीवन पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

छठ घाटों की व्यवस्था का लगातार किया जा रहा निरीक्षण
डीसी दिलेश्वर महतो ने सभी लोगों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग खुशी के साथ दो दिनों के इस पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। एक-दूसरे को सुविधा प्रदान करते हुए पर्व की सकारात्मक सोच को साझा करें। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्था की गई है। लगातार कर्मचारी और पदाधिकारी विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। कहीं भी किसी प्रकार की कमी दिखाई देने पर उसे बेहतर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।