द फॉलोअप टीम, गया:
गया में महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर ड्रग्स सहित अन्य नशीले पदार्थ की तस्करी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने गया से महिला कांग्रेस अध्यक्ष को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक गया जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लाछो देवी को उनके घर से ही हिरासत में लिया गया। पुलिस का ये भी कहना है कि घरेलु विवाद में लाछो देवी के परिजनों ने मारपीट का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस लाछो देवी से पूछताछ में जुटी है।
महिला नेता ने फंसाने का आरोप लगाया
पुलिस ने कहा कि घर में तलाशी के दौरान ड्रग्स नहीं मिला। हालांकि, परिजनों ने आरोप लगाया है कि लाछो देवी ड्रग्स की सप्लाई करती है। इस पूरे मामले में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष लाछो देवी ने कहा कि वो मरते दम तक सिर्फ और सिर्फ राजनीति करती रहेंगी। कहा कि मुझपर ड्रग्स सप्लाई करने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस को तलाशी में कुछ नहीं मिला।
बिहार में जहरीली शराब को लेकर मची खलबली
गौरतलब है कि बिहार में इन दिनों शराबबंदी और जहरीली शराब का मामला सुर्खियों में है। हाल ही में नालंदा जिले में जहरीली शराब पीने से तकरीबन 13 लोगों की मौत हो गई। तमाम राजनीतिक दल शराबबंदी कानून के औचित्य पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। इस बीच एक नेता के ड्रग्स सप्लाई में लिप्त होने की खबर ने सियासी खलबली मचा दी है।