द फॉलोअप टीम, गुमला:
राज्य में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। जिले के कामडारा ब्लॉक (Kamdara Block) क्षेत्र के गांव रायबा गंझुटोली में सोमवार की रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। यहां सिमाने बरला के मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि हाथी के उत्पात को देख परिजनों ने घर से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर भगाया। पीड़ित परिवार ने मंगलवार की सुबह मे बसिया के वनपाल एंथोनी लकड़ा को इसकी जानकारी देते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की है।
कई दिनों से हैं लोग परेशान
पालकोट थाना क्षेत्र स्थित टेंगरिया पंचायत में भी हाथियों के उत्पात से ग्रामीण दहशत में हैं। लोग रतजगा करने को विवश हैं। लोग हाथियों के डर के डर से अपने घरों से बाहर रह कर रात गुजार रहे हैं। जंगली हाथियों ने टेंगरिया सहित पंचायत के अंतर्गत गढबगैचा, खिजूर टोली आदि विभिन्न गांव में कई लोगों के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। किसानों की खेतों में लगे गरमा धान को रौंदकर बर्बाद कर डाला।