डेस्क:
पूरा देश भीषण गर्मी से त्रस्त है ऐसे में हर कोई बस यही चाह रहा है कि थोड़ी बारिश हो जाए। झारखंड के कई जिलों में आज बारिश हुई भी इसी के साथ बिहार में मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है। लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पटना में तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छा रहे है। वहीं गोपालगंज, नालंदा में बारिश शुरू हो गई है। पटना में सुबह हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ थोड़ी सी राहत मिली थी। झारखंड की राजधानी रांची में अभी तेज आंधी चल रही है। मौसम विभाग रांची ने अगले कुछ घंटों में हजारीबाग में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने बोकारो, धनबाद, रांची और जामताड़ में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है। इन इलाकों में वज्रपात की भी संभावना है।

कुछ जिलो में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी चंपारण, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, सीवान, सारण, पटना, भोजपुर और अरवल में बारिश को लेकर अलर्ट किया है। इन जिलों में गरज के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी क्रम में मौसम विभाग ने भोजपुर, बक्सर, सारण, पूर्वी चंपारण, जमुई, मुंगेर, मधुबनी, सुपौल और अररिया में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बदलते मौसम में सेहत का रखें खास खयाल :डॅाक्टर
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के उत्तरी भागों में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह है। वहीं दक्षिण भागों में पछुआ एवं दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह भी बना हुआ है। ऐसे बदलतें मौसम को देखकर डॅाक्टर ने भी अलर्ट जारी किया है। डॅाक्टर का कहना है कि मौसम का जब भी उतार चढ़ाव होता है तो सेहत पर प्रभाव पड़ता है। इधर कुछ दिनों से मौसम के दो रंग है। कभी गर्मी तो कभी बारिश हो रही है। ऐसे में लोगों को संभल कर सावधानी पूर्वक रहना होगा। खान पान के साथ धूप से बचाव करना होगा। बच्चों और वृद्ध के साथ बीमार लोगों को इस मौसम में पूरी तरह से सावधान रहना होगा।