logo

हड़िया पीने के विवाद में युवक की हत्या, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

7659news.jpg
द फॉलोअप टीम, चाईबासा: 

पश्चिम सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरेंगकांकी गांव में दो युवकों के हड़िया पीने के बाद हुए विवाद में तीसरे युवक 26 वर्षीय बुईदु कुदादा की लात-घूसों से पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों आरोपी तुराम तियू और महती तियू एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हड़िया पीने के विवाद के बीच हुई हत्या
मृतक की पत्नी राधिका कुदादा ने बताया कि तुराम और महती के साथ पति का कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। उसका पति काफी मजाकिया था। पति का दोनों के साथ खाना-पीना चलता था। शाम को उसके पति घर आए थे। जिसके बाद फिर घर से निकले। खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। तुराम और महती ने मिलकर बुईदु कुदादा की लात घूसों से मारकर हत्या कर दी। बुईदु कुदादा दूसरे राज्य में ठेकेदारी पर बिजली मिस्त्री का काम करता था।

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की। काफी मशक्कत के बाद तुराम तियू और महती तियू को गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक ने बताया कि मृतक की पत्नी राधिका कुदादा के बयान पर तुराम तियू और महती तियू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।