logo

गए थे मछली मारने हो गए खुद शिकार, डूबने से चार की गई जान

13791news.jpg

द फॉलोअप टीम, गढ़वा:

श्री बंशीधर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 के बभनी खाड डैम में मछली मारने उतरे चार लोगों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार की रात्रि 9:00 बजे की बताई जा रही है। मछली मारने गए 9 युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि नयाखाड गांव के 9 युवक एक साथ मछली मारने के लिए बभनी खाड डैम में गए थे। इसी दौरान चार युवक पानी में डूब कर मछली मार रहे थे वहीं तीन युवक मछली का जाल पकड़े हुुए थे। जबकि दो युवक पानी में मछली मार रहे युवकों को लाइट दिखा रहे थे। इसी बीच पानी में मछली मार रहे चार युवक सिंचाई के लिए बनाए गए निर्माणाधीन नहर के माध्यम से फाटक में घुस गए। घुसने के कुछ देर बाद भी वापस नहीं लौटे, तो तीन लोगो ने घुस कर देखने का प्रयास किया। हालांकि दम घुटने की स्थिति में तीनों लोग बाहर निकल गए और आस पास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रमोद कुमार केसरी, थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने डैम का फाटक खुलवाया। फाटक में नीचे फंसे चार युवकों का शव डैम के पानी के साथ बाहर निकला। अनुमंडलीय अस्पताल में जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चारों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। उधर घटना होने के बाद मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

 

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया

इधर घटना के प्रत्यक्षदर्शी नयाखाड निवासी रविंद्र उरांव, गुड्डू उरांव, नवलेश उरांव ने बताया कि हम सभी 9 लोग बभनी खाड डैम में मछली मारने आए थे। इसी दौरान डैम के फाटक के नीचे चार लोग मछली मारने का जाल लेकर घुसे। घुसने के काफी देर होने के बाद चारों लोग बाहर नहीं निकले। हालांकि हम लोगों ने इधर से आवाज देते रहे लेकिन उधर से कोई आवाज नहीं आई। तो हम लोगों भी घुसने का प्रयास किया। लेकिन हमलोगो का भी दम घुटने लगा। तो हम लोग बाहर निकल गए और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।

 

पानी में डूबने से इन लोगों की हुई मौत

घटना में मृतक बबलू उरांव 24 वर्ष, नागेंद्र उरांव 35 वर्ष, अनिल उरांव 20 वर्ष, अमरेश कुमार 15वर्ष का नाम शामिल है। जबकि उनके साथी नवलेश लकड़ा, गुड्डू उरांव, रविंद्र उरांव, सोनू उरांव नरेश उरांव का नाम शामिल है।