द फॉलोअप टीम, रांची:
अब तक लोग टीवी देखकर दुनियादारी का गम भूला लिया करते थे, लेकिन अब टीवी देखना भी महंगा पड़ने वाला है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य तेल की महंगाई से परेशान जनता की जेब और कटने वाली है। 1 दिसंबर से टीवी देखना 50 फीसदी तक महंगा हो जायेगा। खबरें है कि वायकॉम18, सोनी, जी, स्टार सहित कुछ अन्य टीवी नेटवर्क अपने कुछ चैनलों को अपने बुके से बाहर करने वाले हैं। बुके से सीधा मतलब पैक से है। ऐसे समझ लीजिये की यदि आपने जी नेटवर्क का सब्सक्रिप्शन लिया तो आपको जी का कई चैनल देखने को मिल जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि कुछ चैनल बुके से बाहर होंगे।
ज्यादा कीमत अदा करनी पड़ेगी
बता दें कि आपको उपरोक्त टीवी नेटवर्क के कुछ चैनल्स को देखने के लिए 35 से 50 फीसदी ज्यादा कीमत अदा करनी होगी। गौरतलब है कि मौजूदा वक्त में इन चैनल्स की औसत कीमत 49 रुपये प्रतिमाह है लेकिन इसको बढ़ाकर तकरीबन 70 रुपये किया जा सकता है। मान लीजिए कि आप सोनी के लिए प्रतिमाह 39 रुपये खर्च करते हैं लेकिन अब आपको इसके लिए 71 रुपया खर्च करना होगा। वियकॉम-18 के लिए यदि आप अभी 25 रुपया खर्च करते हैं तो अब 39 रुपया खर्च करना होगा। अब आपके मन में ये सवाल जरूर होगा कि ऐसा क्यों हुआ। क्यों टीवी देखना भी इतना महंगा हो जायेगा।

टीआरएआई का फैसला बना वजह
गौरतलब है कि टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया मार्च 2017 में नया टैरिफ ऑर्डर लाई। इसी साल इसमें एक और संसोधन किया गया जिसे नाम दिया गया एनटीओ-2.0। टीआरआई का मानना था कि ये दर्शकों की सहूलियत के लिए किया जा रहा है। नये टैरिफ ऑर्डर के मुताबिक दर्शक केवल उन्हीं चैनल को सिलेक्ट कर पेमेंट कर पाएंगे जिनको वे देखना चाहते हैं। अब ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क ने जिन चैनलों की मंथली वैल्यू 15 से लेकर 25 रुपये प्रतिमाह तय की थी वो अब 12 रुपये हो गई। ऐसी स्थिति में ब्रॉ़डकास्टर चैनल को नुकसान उठाना पड़ गया। यही वजह है कि टीवी देखना महंगा हो रहा है।
कितना महंगा हो जायेगा टीवी देखना
नये टैरिफ ऑर्डर के मुताबिक बुके में शामिल चैनलों की कीमत महज 12 रुपये तय हो गई। इसका परिणाम ये हुआ कि ब्रॉडकास्टर चैनल को नुकसान उठाना पड़ा। ऐसी स्थिति में नेटवर्क ने अपने कुछ चैनल को बुके यानी पैक से बाहर कर दिया। इसका मतलब ये हुआ कि यदि आपको कोई खास चैनल देखना है तो उसका अलग से पेमेंट करना पड़ेगा। जाहिर है कि जो फायदा पैक में मिलता वो यहां नहीं मिलता। स्पेशल चैनल के लिए स्पेशल रकम खर्च करनी होगी। टीवी देखना महंगा हो जायेगा।