logo

नीरज चोपड़ा को गिफ्ट में मिली महिंद्रा XUV -700, बोले गोल्डन ब्वॉय- ड्राइव पर जाने के लिए उत्साहित हूं

14379news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा महिंद्रा एक्यूवी-700 के मालिक बन गये हैं। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद मंहिद्रा ने ये कार नीरज चोपड़ा को गिफ्ट की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले आनंद महिंद्रा ने ट्वीट कर कहा था कि नीरज चोपड़ा को एक्सयूवी-700 गिफ्ट करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। आज ये दिन आ गया। 

कार के साथ नीरज ने तस्वीर शेयर की
गिफ्ट में मिली नई कार के साथ अपनी एक तस्वीर भी नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया में शेयर किया है। अपनी नई एक्सयूवी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए नीरज चोपड़ा ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि शुक्रिया आनंद महिंद्र जी कुछ विशेष सुविधाओं से सुसज्जित पहियों के नए सेट के लिए। नीरज चोपड़ा ने आगे लिखा कि वे बहुत जल्द कार से एक ड्राइव पर जाने के लिए उत्साहित हैं। व्हाइट हुडी और सिल्वर ग्रे जॉगर्स में नीरज काफी हैंडसम लग रहे हैं। 


नीरज चोपड़ा को गिफ्ट में मिली एक्सयूवी
गौरतलब है कि ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को जो एक्सयूवी गिफ्ट की गई उसमें 87.58 अंकित है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक्स 2021 में 87.58 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक जीता था। गौरतलब है कि ओलंपिक इतिहास में भारत के लिए ये ट्रैक और फील्ड स्पर्धा का पहला पदक था औऱ व्यक्तिगत स्पर्धा में दूसरा स्वर्ण पदक था। इस जीत के बाद नीरज चोपड़ा पर पुरस्कारों की बारिश हो गयी थी। 

हरियाणा सरकार ने दिया था 7 करोड़ रुपये
नीरज चोपड़ा को हरियाणा सरकार ने 7 करोड़ रुपये दिये। केंद्र की तरफ से भी नीरज चोपड़ा को नगद पुरस्कार दिया गया। नीरज चोपड़ा को खेल मंत्रालय ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए भी नामित किया है। गौरतलब है कि ये स्पोर्ट्स के क्षेत्र में दिया जाने वाला देश का सर्वोच्च पुरस्कार है। नीरज चोपड़ा फिलहाल आगामी इवेंट्स की तैयारी में जुटे हैं। 

हरियाणा के रहने वाले हैं पदकधारी नीरज चोपड़ा
हरियाणा के पानीपत के रहने वाले नीरज चोपड़ा का जेवलीन थ्रो में आना भी महज संयोग था। गौरतलब है कि बचपन में नीरज चोपड़ा का वजन काफी ज्यादा था। वे वजन कम करने के लिए मैदान में जाया करते थे। यहीं उनको जेवलीन थ्रो के प्रति रुचि जगी। धीरे-धीरे उन्होंने इसका अभ्यास किया औऱ जेवलीन के विश्व-स्तरीय खिलाड़ी बन गये।