logo

सिमडेगा मामला  : राज्यपाल से मिला पीड़ित परिवार, CBI जांच की मांग

rajypal_wth_sanju_wife.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
सिमडेगा मामले में राज्य की भाजपा इकाई इंसाफ के लिए लगातार सक्रिय है। घटना स्थल का दौरा अब तक कई भाजपा नेता समेत भाजपा विधायक दल के नेता व एक्स सीएम बाबूलाल मरांडी और पूर्व सीएम रघुवर दास कर चुके हैं। पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं। वहीं बीते दिन इनके अलावा अन्य भाजपा नेताओं ने राजभवन जाकर राज्यपाल रमेश बैस से मिलकर मामले की जांच सीबीआई से कराने का आग्रह किया था। आज भाजपा के प्रयास से मृतक संजू प्रधान की पत्नी और पीड़ित परिवार रांची पहुंचा। भाजपा राज्य कार्यालय गया। इसके अलावा राजभवन पहुंचा और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। जिसमें भी सीबीआई जांच की मांग की गई है।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह चंदनकियारी विधायक अमर कुमार बाउरी के साथ पीडित परिवार राज्यपाल से मिला। संजू प्रधान की पत्नी सपना देवी ने तत्काल दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। कहा कि मामले में उनके चाचा ससुर को क्यों गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने घटना के दिन पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की है। कहा कि पुलिस ने सादे कागज पर उनसे तीन हस्ताक्षर करा लिये थे।


इधर, भाजपा राज्य कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश से भी संजू प्रधान के परिजनों ने मुलाकात की। भाजपा ने राज्यपाल से CBI जांच की मांग समेत मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये, सरकारी नौकरी और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।