logo

रांची यूनिवर्सिटी के 11 कॉलेजों में होगी स्थायी प्रिंसिपल की नियुक्ति, शुरू होने वाली है प्रक्रिया

16552news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

रांची यूनिवर्सिटी के 11 कॉलेजों में जल्द ही प्रिंसिपल की नियुक्ति हो सकती है। कुलपति ने इस संबध में पत्र लिखा है। मिली जानकारी के मुताबिक जेपीएससी ने 4 साल पहले ही रांची यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में प्रिंसिपल की नियुक्ति प्रक्रिया की शुरुआत की थी। लंबा वक्त बीत गया लेकिन इस दिशा में कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। हालात ऐसे हैं कि रांची यूनिवर्सिटी के 14 कॉलेजों में से महज 03 कॉलेजों रांची विमेंस कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज और डोरंडा कॉलेज में ही स्थायी प्राचार्य कार्यरत हैं। बाकी जगह स्थिति खराब है। 

प्रभारी प्राचार्य के भरोसे चल रहे कॉलेज
गौरतलब है कि रांची यूनिवर्सिटी के 11 कॉलेज प्रभारी प्राचार्य के भरोसे चल रहे हैं। अब प्राचार्य की नियुक्ति को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि नये साल में प्राचार्यों की नियुक्ति को लेकर कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि रांची यूनिवर्सिटी के जेएन कॉलेज, धुर्वा, रामलखन सिंह कॉलेज, एसएस मेमोरियल कॉलेज, पीपीके कॉलेज बुंडू, मांडर कॉलेज मांडर, बीएन जालान कॉलेज सिसई और केबीसी कॉलेज बेड़ो में लंबे समय से स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति नहीं की जा सकी है। गौरतलब है कि इन कॉलेजों में प्राचार्य नहीं होने की वजह से शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ प्रशासनिक कार्य भी भगवान भरोसे है। 

जेपीएससी को नियुक्ति के लिए किया सूचित
मिली जानकारी के मुताबिक रांची यूनिवर्सिटी के 11 कॉलेजों में स्थायी प्राचार्य की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए कार्रवाई जारी है। बीते दिनों बैठक के बाद बहाली की प्रक्रिया पूरी करने के लिए जेपीएससी को सूचित किया गया था। नियुक्ति की प्रक्रिया आयोग से ही होगी। आयोग से दिशा-निर्देश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जायेगी। रांची यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ. कामिनी कुमार ने ये जानकारी दी।