द फॉलोअप टीम, रांची:
डोरंडा स्थित छप्पन सेट में मां दुर्गा की प्रतिमा का पट सोमवार को शाम 7 बजे खोला जाएगा। इस अवसर पर राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव मौजूद रहेंगे। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की जा रही है। रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे के नेतृत्व में पूजा पंडालों में कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाया जा रहा है। छप्पन सेट डोरंडा में आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा पंडाल में सरकारी आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों के अलावा सेवानिवृत्त परिवारों के लोग भी यहां आकर पूजा करते हैं। वर्ष 1967 में यहां सरकारी कर्मचारियों द्वारा दुर्गा पूजा प्रारंभ किया गया था और तब से परंपरा के अनुसार यहां हर वर्ष पूजा की जाती है।
108 महिलाएं एक साथ करेंगी आरती
11 अक्टूबर को शाम 7 बजे पट के अनावरण के साथ ही 108 महिलाओं द्वारा आरती की जाएगी। इसके बाद हलवा भोग का वितरण किया जाएगा। 12 अक्टूकर को चना पूरी व हलवा का भोग लगेगा एवं बच्चों के लिए संध्या 4 बजे से पेंटिंग प्रतियोगिता की जाएगी। 13 अक्टूम्बर सुबह 9 बजे से पुष्पांजलि, 11 बजे से माता को खीर का भोग लगाया जाएगा और संध्या सात बजे महाआरती की जाएगी। 14 अक्टूबर महानवमी को खिचड़ी भोग लगाया जाएगा और 15 अक्टूबर को विजयादशमी का हवन तथा 16 अक्टूबर को दोपहर दो बजे विसर्जन बटन तालाब में होगा।
रिटायर कर्मचारियों के परिवार भी आते हैं
छप्पन सेट दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक आलोक दूबे ने बताया कि सरकारी कर्मचारियों ने यहां 1967 में दुर्गा पूजा छोटे से स्वरूप में शुरु किया गया था। जो आज भव्य रुप ले चुका है। जो लोग रिटायर होकर चले भी गये हैं, या उनका निधन भी हो गया है, तो भी परिवार के लोग अपने बच्चों को पंडाल दिखाने अवश्य लाते हैं। चाहे वे देश के किसी भी कोने में क्यों ना रहते हों, पूजा के समय रांची जरूर आते हैं। इस वर्ष पूजा समिति के गठित कमेटी में संस्थापक कपिल देव सिंह है, मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, वहीं समिति के अध्यक्ष गोपी दूबे, सचिव महेंद्र प्रसाद, सदस्य नीरज कुमार, दिलीप कुमार, विजय कुमार, दीपक ठाकुर, आयूष कुमार, सन्नी वर्णवाल, अभिषेक, राजीव छेत्री, अजीत राय, विवेक सिंह, रोहित कुमार समेत अन्य लोग पूजा आयोजन में लगे हैं। मीडिया प्रभारी अभिषेक कुमार, पूजा प्रभारी कमलेश झा बनाये गये हैं।