logo

चार महीने पहले किया दुष्कर्म, अब संबंध बनाने का बना रहा दबाव, युवती ने थाने में की शिकायत

10614news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में महिलाओं के साथ दुष्कर्म का मामला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रांची के बरियातू थाने से आया है। खूंटी की रहने वाली दुष्कर्म की पीड़िता आरोपी के डर से चार महीने रांची में छिप कर रह रही है। लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वह युवती को रांची में भी डरा धमका रहा है। इसके बाद युवती ने बरियातू थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। दरअसल खूंटी के कर्रा में 4 महीने पहले गोविंद नाम के युवक ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था। युवती ने डर से उस समय मामला दर्ज नहीं करवाया था। 

घर वालो को देता था धमकी 
पीड़िता ने उस वक़्त  रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई, लेकिन फिर भी गोविंद खूंटी में उसके परिवार को लगातार धमकी दे रहा था। साथ ही दोबारा शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। इसलिए परेशान होकर युवती का पूरा परिवार अपना गांव छोड़कर रांची में रहने लगा। इसके बाद आरोपी गोविंद ने युवती का मोबाइल नंबर कहीं से जुगाड़ लिया और उसे फोन कर तंग करने लगा। उसने धमकी दी कि गर संबंध नहीं बनाएगी, तो रांची आकर उसके साथ गलत करेगा। उसके माता-पिता को भी मार डालेगा। इसके बाद युवती अपनी मां और भाई के साथ बरियातू थाना पहुंची है और शिकायत दर्ज कराई है। 

चार महीने पहले हुआ दुष्कर्म 
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चार महीने पहले जब वो कर्रा में घर में अकेली थी, तब आरोपी युवक उसके घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। उस वक़्त उसे धमकी दी कि वह किसी को इस बारे में जानकारी ना दे। अगर इस बात की जानकारी किसी को दी तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। पीड़िता भी डर से शांत थी। वह रांची के बरियातू में छिपकर रहने भी लगी लेकिन अब आरोपी ने सीमा पार कर दी तो उसने बरियातू थाने में मदद की गुहार लगाई है। .