द फॉलोअप टीम, कोलकाता
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार रात अज्ञात बदमाशों ने बीजेपी के नेता मनीष शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी। शुक्ला की हत्या जिले के टीटागढ़ पुलिस स्टेशन के सामने हुई है, जिसके बाद यहां तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं। मौके की गंभीरता को देखते हुए मध्यरात्रि से ही यहां पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
अधिकारियों को राज्यपाल ने बुलाया
इस हत्याकांड के खिलाफ बीजेपी ने बैरकपुर में बंद का आह्वान किया है। इस मामले को गंभीर मानते हुए राज्यपाल जयदीप धनखड़ ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बात करने के लिए प्रदेश के डीजीपी समेत तमाम अधिकारियों को सोमवार को राजभवन बुलाया है।
पार्टी दफ्तर में ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया जा रहा है कि मनीष शुक्ला रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे टीटागढ़ थाने के सामने बने पार्टी कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान यहां पहुंचे बाइक सवार हमलावरों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष को पहले बैरकपुर के बीएन बोस हॉस्पिटल पहुंचाया गया। यहां हालत गंभीर देखकर उन्हें अपोलो अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हुआ है। घटना के विरोध में प. बंगाल भाजपा ने बैरकपुर में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
कैलाश विजयवर्गीय ने सीबीआई से जांच की मांग की
बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। वहीं पुलिस मनीष शुक्ला का पोस्टमॉर्टम कराकर अब अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है। पश्चिम बंगाल बीजेपी के महासचिव संजय सिंह ने इस वारदात को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर सवाल उठाया है।