द फॉलोअप टीम, पटना:
बिहार में कोविड टीकाकरण का काम युद्धस्तर पर जारी है। अब बिहार ने टीकाकरण अभियान में बड़ी उपलबधि हासिल की है। रविवार तक प्रदेश में सात करोड़ से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। गौरतलब है कि बिहार में विशेष टीकाकरण अभियान के तहत छह महीने में 1 करोड़ लोगों के वैक्सीनेशन का लक्ष्य तय किया गया था। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक नवंबर महीने में ही सात करोड़ का आंकड़ा पार कर गया।
दिसंबर में 8 करोड़ का आंकड़ा होगा पार
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि दिसंबर की शुरुआत में ये आंकड़ा 8 करोड़ तक पहुंच जाएगा। उन्होंने इस कीर्तिमान के लिए विभाग के पदाधिकारियों औऱ स्वास्थ्य-कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उन तमाम स्वास्थ्यकर्मियों को जाता है जिन्होंने बिना छुट्टी लिए युद्धस्तर पर टीकाकरण का काम जारी रखा। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने भी टीकाकरण अभियान में खूब सहयोग किया जिसका परिणाम सामने है।

बिहार सरकार ने सभी लोगों से की है अपील
गौरतलब है कि बिहार में कई स्थानों पर अल्पसंख्यक समुदाय के धर्मगुरुओं ने भी माइक के जरिए लोगों से टीका लगवाने की अपील की। परिणाम स्वरूप बड़ी संख्या में लोगों ने टीकाकरण अभियान में हिस्सा लिया और अपना पूर्ण टीकाकरण करवाया। बिहार सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगाने की रणनीति पर काम कर रही है। अब टीका लगाने के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया जायेगा। इस नंबर पर कॉल करने से स्वास्थ्य विभाग की टीम घर आकर टीका लगाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने ये जानकारी दी।
टीकाकरण के लिए जारी किया गया टोल-फ्री नंबर
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हिंदुस्तान में अभी तक 1 अरब से ज्यादा लोगों ने टीका लगवाया है। इनमें से कई लोगों का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है, आशय ये है कि लोगों ने टीके का दोनों डोज लिया है। भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत जनवरी 2021 में हुई थी। दिसंबर तक पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है। भारत में इस समय कोवैक्सीन, कोविशील्ड, स्पूतनिक वी और जायकोव डी नाम का टीका लगाया जा रहा है।