logo

पीएम मोदी की सुरक्षा चूक मामले में सियासत तेज, सिद्धू बोले- BJP के तोते कर रहे राष्ट्रपति शासन की मांग

16839news.jpg

द फॉलोअप टीम, चंडीगढ़: 

प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में सेंध अथवा लापरवाही का मामला सियासी तूल पकड़ता जा रहा है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी इसे कांग्रेस पार्टी की साजिश बता रही है तो कांग्रेस पार्टी इसे चुनावी लाभ लेने का राजनीतिक ड्रामा कह रही है। अब पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने भारतीय जनता पार्टी पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। 

नवजोत सिंह सिद्धू ने लगाया बड़ा आरोप
नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मसले पर शुक्रवार को प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को इस पर राजनीति बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजेपी को पंजाब में करारा जवाब मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन की बात करने वाले दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के तोते हैं। बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू का इशारा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की तरफ था। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में राष्ट्रपति शासन की मांग की थी। 

बीजेपी भी मसले को भुनाने में लगी है
इस बीच भारतीय जनता पार्टी भी मसले को भुनाने में लगी है। पीएम मोदी की सुरक्षा की कामना लेकर देश भर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हवन और पूजन का आयोजन कर रहे हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने हाजी अली की दरगाह में हाजिरी लगाई। उन्होंने कहा कि हमने हाजी अली दरगाह में पीएम मोदी की सलामती की दुआ मांगी। कहा कि परिवार-तंत्र आपराधिक साजिश के तहत लोकतंत्र को हाईजैक करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि बेचारा चन्नी वही कह रहा है जो उसे मास्टरमाइंड द्वारा कहा जा रहा है।

 

पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला
गौरतलब है कि पीएम मोदी का काफिला पंजाब में उस वक्त एक फ्लाईओवर में फंस गया था जब वो फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित करने जा रहे थे। यहां पीएम को कई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करना था। कहा जाता है कि पीएम मोदी के काफिले के सामने कुछ प्रदर्शनकारी आ गये थे जिसकी वजह से उनको 20 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार पीएम ने दौरा रद्द कर दिया और दिल्ली लौट आये। तब से ही मामला सियासी हंगामे की वजह बन गया है।