logo

UP: गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से जमींदोज हुआ 2 मंजिला मकान, सात लोगों की दर्दनाक मौत

9277news.jpg
द फॉलोअप टीम, गोंडा:

गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र के टिकरी गांव में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 7 लोगों की मौत हो गयी। दो मकान धराशायी हो गए। घटना के बाद 14 लोग मलबे में दब गए थे। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि टिकरी गांव के नुरुल हसन के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। मंगलवार की रात करीब 11 बजे उनके घर में विस्फोट हुआ। जिससे नुरुल हसन और उनके बाजू वाला मकान भी जमींदोज हो गया। 

पोकलेन की मदद से लोगों को निकाला
पुलिस ने मलबे में दबे लोगों को पोकलेन और जेसीबी की मदद से सबको बाहर निकाला तो 7 लोगों की मौत हो गयी थी। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और 3 बच्चे हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज लखनऊ के ट्रामा सेंटर में हो रहा है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने  घटना की उच्चस्तरीय जांच के भी आदेश दिए हैं।

नया ही खरीदा गया था गैस का सिलेंडर
घायल मोहम्मद हकीम ने बताया कि रात 11 बजे खाना बनाने के दौरान सिलेंडर विस्फोट हुआ। जबकि सिलेंडर को हाल ही में खरीदा गया था। विस्फोट होने से दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। पड़ोसी का भी मकान भी ढह गया ।आईजी राकेश सिंह, एसपी संतोष कुमार मिश्र मौके पर कैंप कर रहे हैं। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।