logo

देर शाम तक नहीं मिली पेरवाघाघ में बही गरिमा, कल सुबह से NDRF का सर्च अभियान

12517news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 
खूंटी के पेरवाघाघ में पानी के तेज बहाव में बही युवती गरिमा टोपनो का देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका  है। जिला पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन दिन भर के प्रयास के बाद भी गरिमा का कुछ पता नहीं चल सका है। जानकारी मिली कि रात हो जाने की वजह से सर्च अभियान रोक दिया गया है। कल सुबह से NDRF की टीम सर्च अभियान में जुटेगी। शाम तक टीम खूंटी नहीं पहुंच पाई है। 

रांची से कई लोग पहुंचे हैं घटनास्थल 
घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची से कई लोग पेरवाघाघ पहुंचे हैं। इनमें सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, एलीना होरो, सनीका टूटी, आकाश रंजन आदि शामिल हैं। इधर गरिमा के साथ घूमने गए दोस्त बेहद परेशान हैं। परिवार के लोगों तक भी सूचना पहुंच चुकी है। रांची में गरिमा मास कॉम के छात्रों और शिक्षकों के बीच प्रसिद्ध हैं। लोग उनके बारे में जानना चाह रहे हैं। लेकिन अभी तक गरिमा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। 

पथरीली नदी से है ज्यादा खतरा 
पेरवाघाघ का इलाका बेहद पथरीला है। साथ ही पानी का बहाव भी बहुत तेज है। यह चिंता का विषय है। हालांकि अभी तक पुलिस की तलाश जारी है। खूंटी पुलिस ने कहा है कि वे उन्हें ढूंढने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन जंगल का इलाका होने के कारण ढूंढना मुश्किल हो रहा है। आशंका है कि पथरीली नदी में चोटिल होकर वे बेहोश हो गई हों, ऐसे में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।