logo

रांची: उप-महापौर ने किया तालाबों का निरीक्षण, छठ पूजा को लेकर साफ-सफाई का लिया जायजा

14621news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां शुरू हो गई है। 8 नवंबर से 11 नवंबर के बीच छठ पर्व मनाया जायेगा। इस सिलसिले में रांची के उप-महापौर संजीव विजयवर्गीय ने छठ घाटों की साफ-सफाई और विधि-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शहर का दौरा किया। संजीव विजयवर्गीय ने रांची लेक, बड़ा तालाब, मधुकम तालाब सहित अन्य जलाशयों का निरीक्षण किया। सफाई कर्मियों को घाटों की सफाई को लेकर जरूरी निर्देश भी दिीया। 

छठ महापर्व से पहले तैयार होंगे तालाब
उप-महापौर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि रांची नगर निगम सरकार की गाइडलाइन के हिसाब से तालाबों की सफाई के काम में लगा हुआ है। चरणबद्ध तरीके से रांची के सभी जलाशयों की सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में लक्ष्मी पूजा हुई है। प्रतिमाओं का विसर्जन तालाबों में ही किया गया है। उसे साफ करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं छठ व्रतियों को विश्वास दिलाता हूं कि पूजा से पहले सभी छठ घाट तैयार हो जायेंगे। 

छठ पूजा के लिए जारी हुई है गाइडलाइन
निरीक्षण कार्यक्रम में विशेष रूप से छठ पूजा समिति के राजीव रंजन मिश्रा, पार्षद प्रतिनिधि राहुल चौधरी, शक्ति रामायण सिंह, बबलू उरांव, सचिन यादव,  बबलु भगत, सुनील औऱ सन्नी मौजूद थे। गौरतलब है कि सरकार ने छठ पूजा के लिए गाइडलाइन जारी की है। तालाबों और छोटे जलाशयों में छठ पूजा मनाने की इजाजत दी है। सख्त हिदायत दी गई है कि कोरोना टीका का दोनों डोज लगवाने वाले ही छठ घाट पर जायें। बच्चों को मनाही होगी।