द फॉलोअप टीम, रांची :
राज्य में किसानों के बीच बांटे जाने वाले कृषि उपकरण को दोगुने दाम पर खरीदी और बिक्री किए जाने के मामले में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। बता दें कि सेंटर फॉर आरटीआई नाम की संस्था की तरफ से यह जनहित याचिका दायर की गई है और मामले की एसीबी से जांच कराने की मांग की गई है। जानकारी के अनुसार याचिकाकर्ता के अधिवक्ता राजीव कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के कृषि विभाग में कृषि उपकरण को बाजार से दोगुने मूल्य पर खरीद कर किसानों के बीच वितरित किया जा रहा है। इस बात की जानकारी संस्था को मिली। संस्था ने मामले की जांच को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है।
अधिकारियों पर लगे तल्ख़ आरोप
मामले के संबंध में अधिवक्ता ने बताया है कि कृषि उपकरण को दोगुने मूल्य पर विभाग की तरफ से खरीदा जा रहा है। उस उपकरण के मूल्य का 10 प्रतिशत किसान को देना है और 90 प्रतिशत सब्सिडी सरकार की ओर से दी जाएगी। ऐसे में विभाग के द्वारा यह खेल खेला जा रहा है। इस मुद्दे की जांच की मांग को लेकर जनहित याचिका दायर की गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इसमें झारखंड सरकार के वरीय अधिकारियों की मिलीभगत है।