logo

सोचो ज़रा: कहीं आप भी बनाई जा रही धारणाओं के शिकार तो नहीं, जानिये नुक़सान

14602news.jpg

डॉ. अबरार मुल्तानी, भोपाल:

धारणाएं बहुत शक्तिशाली होती हैं। किसी के खिलाफ धारणा बनवाकर आप उसके खिलाफ कोई भी सच्चे झूठे इलज़ाम लगाइये, लोग फौरन उसे सच मान लेंगे। मैंने अपने बचपन में देखा है कि, पास के एक गांव की एक जाति विशेष के लोग वहां चोरी के लिए कुख्यात थे। एक बार एक व्यक्ति के खेत पर चोरी हुई जिसमें उसकी पानी की मोटर और पाइप्स चुरा लिए गए। सबने कहा कि वो जाति विशेष के लोग चुरा ले गए होंगे। खेत के मालिक ने यह थोड़ी ही देर में मान भी लिया। लेकिन एक दिन जब खेत मालिक एक थोड़ी दूर के पड़ोस के कुएं पर किसी काम से गया तो पता चला कि मोटर और पाइप तो वहां हैं। जबकि वही व्यक्ति इसबात पर ज़्यादा ज़ोर दे रहा था कि, चोर तो उस गांव में रहने वाले उस जाति के लोग है।अधिकांश लोगों ने डर के मारे कभी उस गांव में जाकर नहीं देखा था कि, वे लोग क्या वाकई चोर हैं, क्रूर हैं और क्या दानवों की तरह दिखते हैं जैसा कि उनके बारे में कहा जाता था? धरणाओं का निर्माण किया गया था और किस किस ने लाभ उठाया होगा इनका कोई नहीं जानता।

 

इसे भी पढ़ सकते हैं

साइक्‍लॉजिस्‍ट की इस बात में है दम- सोच बदलिये, ज़िंदगी बदल जाएगी

हमारे शरीर में मौजूद बैक्टीरिया महज़ दुश्मन नहीं कई दोस्त भी

धारणाएं बहुत शक्तिशाली होती हैं। इसके ज़रिए अक़्सर धूर्त लोग, नेता और संगठन भोले भाले लोगों का लाभ उठाते हैं। धारणाओं के ज़रिए लोगों में फुट डाली जाती है, उन्हें आपस में लड़वाया जाता है, उन्हें बिना एक दूसरे को जाने समझे ही एक दूसरे के खून का प्यासा तक बना दिया जाता है। यह धारणाओं की शक्ति के बल पर किया जाता है। धारणाएं दिखती नहीं है लेकिन यह अदृश्य गुरुत्वाकर्षण बल के जितनी ही शक्तिशाली होती हैं।

 

यह भी पढ़ें

सामाजिक बदलाव के लिए वैज्ञानिक सोच ज़रूरी, सीखिये न्यूटन से

गुरुत्वाकर्षण की ही तरह धारणाओं को भी फर्क नहीं पड़ता कि आप इनपर विश्वास करते हैं या नहीं लेकिन ये दोनों आपको ज़रा सी लापरवाही पर अर्श से सीधे फर्श पर पटक सकते हैं। किसी धारणा की परिधि एक घर तक भी सीमित हो सकती है या एक शहर तक या एक देश तक या फिर यह वैश्विक स्तर तक पहुंच रख सकती है। धारणाओं को तोड़ना मुश्किल होता है और इसके लिए हर एक व्यक्ति तैयार भी नहीं होता। हम मनुष्यों का पहला कर्तव्य यही है कि गलत धारणाओं को कुचलते चलें... जीवन भर।

 

(डॉ. अबरार मुल्तानी भोपाल में रहते हैं। आप आयुर्वेद और देशी स्वास्‍थ्‍य -चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ हैं। मनोवैैैैैैज्ञानिक भी हैं। क्‍यों अलग है स्‍त्री-पुरुष का प्रेम, मन के लिए अमृत की बूंदें, मन के रहस्य, 5 पिल्स समेत उनकी दर्जनों किताबें प्रकाशित हैं। आपके वीडियो भी बहुत देखे जाते हैं।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।