logo

आरोप: झारखंड में आईएफएस कैडर रूल्स की अनदेखी कर हो रही अधिकारियों की पोस्टिंग

3670news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड के सारंडा, लोहरदगा, चतरा, गढ़वा और गिरिडीह में आईएफएस की बजाय राज्यसेवा के एसीएफ को वन प्रमंडल पदाधिकारी के पद पर पोस्टिंेग कर दी गई है। यह आरोप भारतीय वन सेवा संघ का है। संघ का कहना है कि झारखंड में आईएफएस कैडर रूल्स की अनदेखी कर पोस्टिंग हो रही है। यह नियम विरुद्ध अवैध पोस्टिंग है। सरकार को तुरंत रद्द करना चाहिए। संघ की झारखंड इकाई के महासचिव रवि रंजन ने बताया कि वर्चुअल माध्यम से भारतीय वन सेवा के अफसरों की बैठक हुई है। सदस्यों ने कहा कि आजादी के बाद झारखंड में पहली बार ऐसा हुआ है, जो नियम विरुद्ध है। आपत्ति इस बात को लेकर भी है कि कई जगह आईएफएस के अफसर प्रोबेशनर के पद पर हैं, लेकिन वहां राज्य सेवा के जूनियर पदाधिकारी उनसे ऊपर के पद पर जा बैठे हैं।

दो आईएफएस वेटिंग फॉर पोस्टिंग
एसोसिएशन के महासचिव रवि रंजन ने कहा कि भारतीय वन सेवा के पदाधिकारियों की पर्याप्त संख्या नहीं होने की सूरत में ही राज्य वन सेवा के पदाधिकारियों को कैडर पदों पर पदस्थापित करने का प्रावधान है। लेकिन यह व्यवस्था 3 महीने के लिए अस्थाई तौर पर ही की जा सकती है। विकास पालीवाल और अभिरूप सिन्हा ऐसे आईएफएस हैं, जिन्हें वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा गया है।

आईएफएस एसोसिएशन सरकार से मिलेगी
आईएफएस एसोसिएशन की झारखंड इकाई ने फैसला लिया है कि 28 दिसंबर को पूरे मामले से मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। अगर सरकार के स्तर पर उनकी मांग नहीं मानी जाती है तो संबंधित अफसरों को सरकार के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की छूट होगी।

कैडर पोस्ट पर राज्यसेवा के पदाधिकारी
सीएमसी सिन्हा - डीएफओ, सारंडा
शशि कुमार- डीएफओ, गढ़वा साउथ
प्रवेश अग्रवाल - डीएफओ गिरिडीह ईस्ट
अरविंद कुमार - डीएफओ, लोहरदगा
अरविंद गुप्ता - डीएफओ, सिमडेगा
उमेश साहनी - डीएफओ, वाइल्डलाइफ रांची

नॉन कैडर पोस्ट पर आईएफएस अफसर
महालिंग - डीएफओ, सोशल फॉरेस्ट्री, चाईबासा
नागेंद्र बैठा - डीएफओ, सोशल फॉरेस्ट्री, हजारीबाग
अंकित कुमार सिंह - DM JSFDC, गिरिडीह
विकास उज्जवल - डीएफओ, प्लानिंग
एस शुक्ला - डीएफओ, एसएफ, लातेहार
अमरनाथ सिंह - DM JSFDC, हजारीबाग
बी भास्करण - DFO SF, देवघर
सुशील सोरेन - DFO SF, दुमका
एम प्रकाश - DM JSFDC, जमशेदपुर